सड़क पर कचरा फेंकते पकड़े गए तो सीधे 1 लाख का जुर्माना! इस शहर में लागू हुआ सख्त नियम

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 07:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के बलूरघाट शहर में अब सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना बेहद महंगा साबित हो सकता है। Balurghat Municipality ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। नए नियम के तहत सड़क, फुटपाथ या खुले स्थान पर कचरा फेंकते पकड़े जाने पर ₹1,000 से लेकर ₹1 लाख तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

नगर निकाय ने हाल ही में हुई बैठक में यह फैसला लिया, जिसमें शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था और नागरिकों की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर रैपर, प्लास्टिक बोतलें और अन्य कचरा फेंक रहे हैं, जिससे गंदगी और बदबू फैल रही है।

नगर निगम अब शहर के प्रमुख इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगा रहा है। कैमरों की मदद से उल्लंघन करने वालों की पहचान की जाएगी और संबंधित टीम सीधे उनके घर जाकर जुर्माना वसूलेगी। अधिकारियों का साफ कहना है कि इस बार नियमों को लेकर किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

स्थानीय निवासियों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका मानना है कि कड़ी निगरानी और भारी जुर्माने के डर से लोग सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से पहले जरूर सोचेंगे। लंबे समय से बदबू और गंदगी से परेशान लोगों को उम्मीद है कि यह कदम शहर को साफ-सुथरा बनाने में कारगर साबित होगा।

नगर निगम का कहना है कि यह पहल स्वच्छता अभियान को मजबूती देने और शहर को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार व्यवहार करें और शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News