Ayatollah Ali Khamenei: ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनई की मौत की खबरों के बीच उनका आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट वायरल...

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 11:33 AM (IST)

Ayatollah Ali Khamenei Post: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की एक भीषण सैन्य हमले में मौत की खबर ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है, लेकिन उनकी मौत के साथ जुड़ा रहस्य अब उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स से निकलने वाली पोस्ट्स ने और गहरा दिया है। जहां एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली खुफिया एजेंसियां उनकी मौत की पुष्टि कर चुकी हैं, वहीं उनके आधिकारिक हैंडल से हो रही रहस्यमयी पोस्ट्स ने लोगों को असमंजस में डाल दिया है कि क्या यह वाकई अंत है या परदे के पीछे कोई और खेल चल रहा है।

ईरानी सरकार ने शुरुआती दौर में इस खबर को पूरी तरह खारिज करने की कोशिश की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव और सबूतों के सामने आखिरकार उन्हें घुटने टेकने पड़े। वर्तमान में ईरान में 40 दिनों के राजकीय शोक और 7 दिनों के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की जा चुकी है, जो इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि 'सुप्रीम लीडर' का युग समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद, उनकी मौत के आधिकारिक समय के आसपास किए गए पोस्ट्स ने इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है।

به نام نامی حیدر علیه‌السلام pic.twitter.com/n848j6KASq

— KHAMENEI.IR | فارسی (@Khamenei_fa) February 28, 2026

सबसे अधिक चर्चा उस पोस्ट की हो रही है जो भारतीय समयानुसार रात के ठीक 3 बजे साझा की गई। यह वही वक्त था जब डोनाल्ड ट्रंप दुनिया के सामने खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि कर रहे थे। उस पोस्ट में एक प्रतीकात्मक तस्वीर साझा की गई थी, जिसमें एक हाथ में तलवार थामे हुए आधा शरीर दिखाया गया था। तस्वीर पर अंकित फारसी शब्दों का भावार्थ 'हैदर के नाम पर' (अ.स.) बताया जा रहा है, जो शिया समुदाय में वीरता और शहादत का प्रतीक माना जाता है। इस पोस्ट ने समर्थकों के बीच यह कयास पैदा कर दिए कि क्या खामेनेई अभी भी कहीं सुरक्षित हैं, या यह उनके उत्तराधिकारियों द्वारा दिया गया कोई गुप्त संदेश है।

एक अन्य भावुक पोस्ट में कुरान की आयतों का जिक्र करते हुए उन लोगों की तारीफ की गई जो अल्लाह से किए अपने वादे पर अडिग रहते हैं और शहादत की प्रतीक्षा करते हैं। इस पोस्ट को खामेनेई के अंतिम विदाई संदेश के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी ओर, इजरायली अधिकारियों और डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना को 'न्याय' करार दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्पष्ट शब्दों में लिखा कि यह उन हजारों निर्दोष लोगों के लिए इंसाफ है जो खामेनेई के शासन और उनके लड़ाकों के हाथों मारे गए। फिलहाल ईरान अपने अगले सर्वोच्च नेता की तलाश और शोक के बीच फंसा हुआ है, लेकिन खामेनेई की इन आखिरी डिजिटल पदचापों ने उनकी मौत को एक ऐतिहासिक रहस्य बना दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News