जानू देखो... गर्लफ्रेंड को भेजी पत्नी की ला/श की फोटो, 9 महीने बाद कातिल पति ऐसे हुआ बेनकाब

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 08:05 AM (IST)

Indian Engineer killed wife: अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में रहने वाले तेलंगाना के एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अपनी पत्नी की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। करीब 9 महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने सबूतों के आधार पर इंजीनियर पर पहले से योजना बनाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। अदालत में उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर का केस दर्ज किया गया है। यदि आरोप साबित होते हैं तो उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय राजीथा सब्बिनेनी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति अविनाश नार्ने है। दोनों की शादी मौत से लगभग छह महीने पहले हुई थी और वे अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के बेलव्यू शहर में रहते थे।

बाथरूम में मिला था पत्नी का शव
अक्टूबर 2025 में अविनाश ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बाथरूम के अंदर बंद है और काफी देर से कोई जवाब नहीं दे रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर गई। वहां राजीथा बेसुध हालत में मिलीं और मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआत में मामला सामान्य मौत जैसा लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी तस्वीर बदल दी। जांच में सामने आया कि राजीथा की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानकर विस्तृत जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान अविनाश ने दावा किया कि घटना वाले दिन वह कुछ जरूरी काम से घर से बाहर गया था। करीब 40 मिनट बाद लौटने पर पत्नी बाथरूम में बंद मिली, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। हालांकि जांच में पुलिस को कई ऐसे डिजिटल सबूत मिले जिन्होंने उसकी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। अपार्टमेंट के स्मार्ट लॉक और सिक्योरिटी सिस्टम के रिकॉर्ड से पता चला कि आरोपी थोड़ी देर के लिए घर से बाहर जरूर गया था, लेकिन उस दौरान कोई अन्य व्यक्ति घर के अंदर नहीं आया। इससे किसी बाहरी हमलावर की संभावना लगभग खत्म हो गई।

जांच में सामने आया सीक्रेट रिश्ता
जांच के दौरान पुलिस ने अविनाश के मोबाइल, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच की। इसी दौरान पता चला कि शादी से पहले उसका भारत में एक महिला के साथ प्रेम संबंध था और शादी के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह महिला दंपति की शादी में भी शामिल हुई थी। पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन अविनाश ने उस महिला से कई बार फोन पर बात की थी। इतना ही नहीं, पत्नी की मौत के अगले दिन उसने कथित तौर पर राजीथा के शव की तस्वीर भी उसी महिला को भेजी थी। ताकि वह इस बात का सबूत दे सके कि उसने अपने प्यार की राह में पड़े रोड़े को साफ कर दिया है। पूछताछ में उसने यह बात स्वीकार करने की भी बात सामने आई है। 

मौत से पहले पत्नी ने जताई थी आशंका
 दस्तावेजों के मुताबिक, मौत से पहले के कुछ हफ्तों में राजीथा ने अपने पति से कई बार शिकायत की थी कि उसके बनाए पेय पदार्थों का स्वाद सामान्य नहीं बल्कि बेहद कड़वा लगता है। घटना वाले दिन भी उसने पति द्वारा बनाए गए स्मूदी को पीने के बाद कहा था कि उसका स्वाद दवा और कफ सिरप जैसा है। बाद में पुलिस के पहुंचने पर अविनाश ने अधिकारियों से कहा था कि उसकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं थी और संभव है कि कफ सिरप पीने के कारण वह गिर गई हो।

9 महीने बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने कई महीनों तक डिजिटल रिकॉर्ड, फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयान जुटाए। जांच पूरी होने के बाद अविनाश से दोबारा पूछताछ की गई और पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। स्थानीय अदालत ने 1 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया। फिलहाल आरोपी ने अदालत में खुद को निर्दोष बताया है। उसे 50 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 48 करोड़ रुपये) की जमानत राशि पर न्यायिक हिरासत में रखा गया है। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि यह हत्या पहले से बनाई गई योजना के तहत की गई थी, जबकि मामले की सुनवाई अदालत में जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News