राजस्थान में मानसूनी आफत: 8 और 9 जुलाई को बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी, IMD ने दी बड़ी चेतावनी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 03:36 PM (IST)
Rajasthan Monsoon Rain Alert : दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में इस सप्ताह भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश हुई।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 91.0 मिलीमीटर बारिश जालौर जिले के जसवंतपुरा में दर्ज की गई। इसके अनुसार राज्य के पूर्वी भागों में अगले चार से पांच दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, आठ और नौ जुलाई को दक्षिण-पूर्वी एवं पूर्वी राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं बेहद भारी बारिश हो सकती है। हालांकि 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। विभाग के अनुसार मंगलवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है। इसी प्रकार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है जबकि मंगलवार और बुधवार को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
