कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा महिला का शव, जानिए बड़ी वजह

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 08:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मुजफ्फरनगर जिले में 28 वर्षीय एक महिला का शव रविवार को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोप है कि महिला की दहेज की मांग को लेकर हत्या की गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रतनपुरी थाना क्षेत्र के रियावली गांव की रहने वाली फरहीन का शव जिलाधिकारी के आदेश पर उप जिलाधिकारी की मौजूदगी में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच कब्र से निकाला गया।

उन्होंने बताया कि महिला के पति शाहिद, ससुर यामीन और सास सईदा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के पिता की शिकायत के अनुसार, गर्भवती फरहीन की कथित तौर पर दहेज की मांग को लेकर हत्या कर दी गई थी और पुलिस को सूचित किए बिना 29 जून को गांव के कब्रिस्तान में शव दफना दिया गया था। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News