'हमारे खातों से जबरदस्ती पैसे छीने जा रहे, कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश हो रही', केंद्र पर भड़की सोनिया गांधी

punjabkesari.in Thursday, Mar 21, 2024 - 12:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। सोनिया गांधी ने पार्टी के बैंक खातों को 'फ्रीज' (लेनदेन पर रोक) किए जाने के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है।

सोनिया गांधी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। जनता से एकत्रित धन को रोका जा रहा है और हमारे खातों से जबरन पैसा छीना जा रहा है।" उन्होंने कहा, "इन सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी, हम अपने चुनाव अभियान की प्रभावशीलता को बनाए रखने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं।"
 

सोनिया गांधी के अनुसार, "एक तरफ 'चुनावी बॉण्ड' का मुद्दा है, जिसे उच्चतम न्यायालय ने असंवैधानिक करार दिया है। जैसा कि सभी जानते हैं, चुनावी बॉण्ड से भाजपा को भारी और बड़े पैमाने पर फायदा हुआ है। दूसरी ओर, प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की वित्तीय स्थिति पर लगातार हमले हो रहे हैं।" उन्होंने कहा, "हम सभी का मानना ​​है कि यह अभूतपूर्व और अलोकतांत्रिक है।"

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "लोकतंत्र के लिए चुनाव अनिवार्य होता है, साथ ही यह भी आवश्यक है कि सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर वाली स्थिति हो।" उन्होंने कहा, "ये नहीं कि जो सत्ता में हैं, संसाधनों पर उनका एकाधिकार हो और देश की संस्थाओं पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उनका नियंत्रण हो।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News