Breaking news: पवन खेड़ा के घर असम पुलिस ने की छापेमारी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 01:26 PM (IST)
नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मंगलवार को असम पुलिस की एक स्पेशल टीम पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची। यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई एक FIR के ठीक एक दिन बाद हुई है।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के अनुसार असम पुलिस ने पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में उनके घर पर छापेमारी की है। इस दौरान स्थानीय दिल्ली पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, जो कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए असम पुलिस के अधिकारियों की सहायता कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुलिस का इरादा केवल पूछताछ का है या खेड़ा की गिरफ्तारी की संभावना भी है। पवन खेड़ा के घर के बाहर इस समय सुरक्षा बढ़ा दी गई है और राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री का कड़ा रुख
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए पवन खेड़ा के खिलाफ "कठोरतम कार्रवाई" करने का संकल्प लिया। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा "पवन खेड़ा के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, बस कुछ दिन इंतजार करें। कांग्रेस असम में खत्म हो चुकी है। दुबई के जिस अपार्टमेंट और प्रॉपर्टी के दस्तावेजों का हवाला दिया जा रहा है, वे 'Scribd' प्लेटफॉर्म से चोरी किए गए हैं।" मुख्यमंत्री ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और पवन खेड़ा को इस मुद्दे पर पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप्स से मदद मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया, "पाकिस्तान गौरव गोगोई की मदद क्यों कर रहा है?"

चुनाव पर असर
असम में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन झूठे आरोपों के बाद सट्टा बाजार में एनडीए (NDA) की सीटें 94 से बढ़कर 99 हो गई हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे 100 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।
