हथियारों के जखीरे का केंद्र हैं मदरसे और मस्जिदें : साध्‍वी प्राची

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2015 - 01:13 PM (IST)

लखीमपुर खीरी: फायरब्रांड हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान पर जमकर निशाना साधा है। साध्वी प्राची ने आजम को देश का सबसे बड़ा देशद्रोही करार दे दिया। मैगलगंज में सिद्धेश्वरी पीठ पहुंचीं साध्वी ने कहा कि आजम ने समाज में सिर्फ अस्थिरता लाने वाले बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों की ही वजह से दंगे होते हैं। साध्वी प्राची ने ये भी कहा कि आश्रम की यज्ञशाला को भी आजम खान के इशारे पर ही तोड़ा गया था। उन्होंने आजम के साथ सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने ये आरोप भी लगाया कि यूपी के तमाम नेताओं के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से रिश्ते हैं।
 
साध्वी ने कहा कि सिद्धेश्वरी पीठ में यज्ञशाला जलाई नहीं गई, बल्कि धर्म और अधर्म के बीच युद्ध का शंखनाद किया गया है। उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है कि हमेशा धर्म की ही जीत हुई है। पीठ में पूजा-अर्चना करने के बाद साध्वी प्राची ने जनसमूह को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि सनातन धर्मियों पर अपने ही देश और प्रदेश में जुल्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया जा रहा है। उन्होंने इसकी साजिश रचने वालों में झूठे धर्मनिरपेक्षों का हाथ बताया।
 
मदरसे और मस्जिदें हथियारों के जखीरे का केंद्र -
साध्वी ने इस दौरान विवादित बयान भी दिया। साध्वी प्राची ने इस बार मुस्लिम धार्मिक शिक्षण संस्थान और उनकी इबादतगाहों पर निशाना साधा है। साध्वी ने कहा, ''यूपी के मदरसे और मस्‍िजदें हथियारों के जखीरा का केंद्र हैं। मदरसों में कट्टरवाद की शि‍क्षा दी जाती है, जिससे आतंकवाद पनप रहा है। मदरसों के मामले में महाराष्ट्र सरकार ने बहुत ही सराहनीय काम किया है, ये काम पूरे देश में होना चाहिए।'' 
 
राक्षसों का संहार करने का आह्वान-
साध्वी प्राची ने कहा कि सिद्धेश्वरी पीठ में यज्ञशाला को शासन और प्रशासन के गुंडों ने मुलायम और आजम के इशारे पर जला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के नुमाइंदे यहां की संपत्ति हड़पना चाहते हैं। साध्वी ने कहा कि ऐसे लोगों से न्याय की उम्मीद करना बेमानी है। उन्होंने यज्ञशाला को जलाने की घटना को राक्षसों जैसा काम बताया और राम-लक्ष्मण बनकर राक्षसों का संहार करने का आह्वान सभी से किया। साध्वी ने कहा कि इस तरह से राक्षसी कृत्य करने वालों से निपटा जा सकता है। 

संत माला जपना ही नहीं, भाला चलाना भी जानते हैं-
इस दौरान साध्वी प्राची ने कहा कि कुछ नेता इस गलतफहमी में हैं कि संत सिर्फ माला जपना जानते हैं। उन्होंने कहा कि संत अगर माला जपता है, तो भाला भी चलाना जानता है। यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए साध्वी ने कहा कि सपा सरकार तुष्टिकरण की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से कांवड़ यात्रा में भजन सुनने के लिए लगाए जाने वाले डीजे पर रोक लगाई गई है, जबकि मस्जिद पर से लाउडस्पीकर हटवाने की हिम्मत किसी में नहीं है। साध्वी ने साफ कर दिया कि 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे बंद नहीं किया जाएगा।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News