85 की उम्र में बन गए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2015 - 07:09 AM (IST)

हिसार: हिसार के युवाओं ने जहां देश-विदेश में अपनी खेल प्रतिभा का परचम लहराया है वहीं यहां के बुजुर्ग भी कुछ कम नहीं है। ऐसा ही कर दिखाया है गांव भोजराज निवासी मलूकाराम ने। हिमाचल प्रदेश की धर्मशाला में गत दिवस सम्पन्न हुई नैशनल मास्टर एथलैटिक्स चैम्पियनशिप में 85 वर्षीय मलूकाराम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक प्राप्त किए। गोल्ड मैडलिस्ट मलूकाराम (सुनकाराम) का शुक्रवार को गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उनके बेटे रत्न सिंह ने बताया कि उनके पिता मलूकाराम ने पहली बार किसी खेल प्रतियोगिता में भाग लिया था।

उन्होंने बताया कि नजदीकी गांव फूलां में उनकी बड़ी बेटी की ससुराल है, जिनके पति रामचंद्र व गांव के ही अन्य बुजुर्ग इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे हैं। उनके भांजे अनिल कुमार ने उन्हें इस प्रतियोगिता में भाग लेने की बात कही। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पहली बार में ही उन्होंने दौड़, 5000 मीटर की पैदल चाल, लंबी कूद, गोला फैंक और चक्का फैंक प्रतियोगिता में भाग लेते हुए 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक प्राप्त किए जिसके आधार पर उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत किया। अपनी इस जीत से उत्साहित मलूकाराम कहते हैं कि अगर उन्हें मौका मिला तो वह अगली बार फिर इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रदेश व जिले का नाम रोशन करेंगे। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News