कश्मीर पर फिर मंडराया बाढ़ का खतरा

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2015 - 02:12 AM (IST)

श्रीनगर (मजीद): कश्मीर घाटी गत वर्ष सितंबर में आई बाढ़ की मार से अभी पूरी तरह उबरी भी नहीं थी कि गत 2 दिन से जारी लगातार बारिश से बाढ़ का फिर खतरा पैदा हो गया है। श्रीनगर सहित घाटी के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। वहीं जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने 12वीं कक्षा और विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार घाटी में शनिवार की शाम से लगातार बारिश हो रही है जिसकी वजह से कई जगहों पर मकान गिर गए हैं और श्रीनगर सहित प्रमुख स्थान जलमग्न हो गए हैं। उधर, बाढ़ के खतरे को देखकर श्रीनगर में पुलिस ने एक स्पैशल कंट्रोल रूम बनाया है। इसी बीच जेहलम नदी में पानी का स्तर खतरे के निशान की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। 

उधर, बारिश की वजह से दक्षिण और उत्तर कश्मीर में पानी का स्तर बढ़ने से कई इलाकों में सड़क संपर्क टूट गया है। कुलगाम को काजीकुंड से जोडऩे वाला पुल ढह गया। शोपियां जिले के नीवा तथा पास के क्षेत्रों में नदी में पानी के तेज प्रवाह से कई पुल ढह गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बारिश की वजह से भूस्खलन से 18 रिहायशी मकान सहित 44 ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए। बडग़ाम में 2 दर्जन से ज्यादा परिवारों को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। 

वहीं पुलवामा जिले में बाढ़ में फंसे 247 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उधर मौसम विभाग ने कहा कि बाढ़ आने का कोई खतरा नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News