दिल्ली: प्रदर्शन कर रहे AAP नेता राघव चड्ढा गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2015 - 12:42 PM (IST)

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में चर्च पर हमले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे आप नेता राघव चड्ढा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चर्च पर हमले के विरोध में हजारों की संख्या में लोग सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान आप नेता राघव चड्ढा ने भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। चर्च पर हो रहे हमलों के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई है। बताया जा रहा है कि  प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। इसके बाद पुलिस ने आप नेता राघव चड्ढा समेत कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। 
 
गौरतलब है कि इससे पहले धार्मिक स्थलों पर हो रहे हमले को लेकर गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि बीते छह महीने में वह चर्चों पर हुए हमले का वह ब्योरा दे और यह भी बताए कि उसने क्या कार्रवाई की और कितने लोगों को गिरफ़्तार किया है। 
 
मंत्रालय ने इसके अलावा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा किए गए इंतज़ाम का भी ब्योरा मांगा है। दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में सेंट एल्फॉन्स चर्च पर हुए हमले के बाद मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से यह रिपोर्ट मांगी है। आपको बता दें कि सोमवार तड़के तीन बजे कुछ अनजान लोगों ने चर्च का मुख्य द्वार तोड़कर अंदर घुस गए और वहां तोड़फ़ोड़ की।
 
 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News