राहुल गांधी ने केजरीवाल को बताया भाजपा का एजेंट

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2015 - 08:36 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह भारतीय जनता पार्टी का एजेंट है इसीलिए उन्होंने केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद धरना प्रदर्शन करना बंद कर दिया। गांधी ने यहां जहांगीरपुरी में एक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा और कहा कि वह भाजपा के एजेंट हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में दिल्ली में कुछ भी घटता तो वह धरना प्रदर्शन शुरू कर देते थे।
 
 बलात्कार की घटनाएं होती थी तो वह धरना शुरू कर देते थे लेकिन अब बलात्कार की घटनाओं में 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है लेकिन वह कुछ नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को मालूम है कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और उसे वह परेशान नहीं करना चाहते। रैली के बाद उन्होंने पुल बंगस के नजदीक आजाद माॢकट चौक क्षेत्र में रोड़ शो का आयोजन किया जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि  मोदी ने सत्ता का केद्रीयकरण कर दिया है और वह प्रधानमंत्री कार्यालय से ही पूरा देश चला रहे हैं। उनका कहना था कि मोदी को लगता है कि एक ही व्यक्ति पूरा देश चला सकता है।
 
उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों को एक जैसा करार दिया और कहा कि दोनों गरीब को सपना दिखाते हैं लेकिन उनके लिए काम नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले आटो रिक्शा वाले केजरीवाल का समर्थन करते थे लेकिन उन्होंने इन गरीबों का सपना तोड़ा है इसलिए इस बार उनके साथ कोई नहीं है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि मोदी पहले भ्रष्टाचार की बात करते थे लेकिन अब नहीं करते हैं। पहले उन्होंने देश को बदलने की बात की थी। महंगाई घटाने की बात की थी लेकिन छह सात माह में उनके शासन में कितना बदलाव आया यह सबके सामने हैं। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News