मोदी सरकार को घेरने की रणनीति बना रही कांग्रेस!

punjabkesari.in Monday, Jan 12, 2015 - 12:28 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक में जहां कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए रोडमैप तैयार किया जा सकता है। वहीं, इस बैठक में विवादास्पद भूमि अधिग्रहण अध्यादेश जैसे मुद्दों को लेकर मोदी सरकार को घेरने के लिए कार्य योजना भी तैयार किए जाने की उम्मीद है। भूमि अधिग्रहण अध्यादेश का मुद्दा विपक्ष के गोलबंद होने के एक अवसर के रूप में उभर रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस अपनी राज्य इकाइयों को इस मुद्दे पर 15 फरवरी से पहले आंदोलन शुरू करने का निर्देश दे चुकी है। पिछले साल मई में लोकसभा चुनावों में मिली भारी पराजय के बाद कांग्रेस कार्य समिति की यह वस्तुत: दूसरी महत्वपूर्ण बैठक है। किसानों तक पहुंच बनाने के अवसर को भांपते हुए कांग्रेस ने भूमि अधिग्रहण कानून पर अध्यादेश के खिलाफ सरकार को घेरने का निर्णय किया है और इस मुद्दे पर अपनी रणनीति को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पार्टी ने एक तीन सदस्यीय समूह गठित किया है। 

पूर्व केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश, पूर्व वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा और पूर्व उपभोक्ता मामलों के मंत्री केवी थॉमस को इस उच्च स्तरीय समूह का सदस्य बनाया गया है जो इस मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध की योजना बनाते समय विभिन्न हितधारकों के हितों का समाधान निकालने का प्रयास करेगा। भूमि अधिग्रहण कानून को संप्रग 2 सरकार ने बनाया था और उसने इसे एक महत्वपूर्ण कानून के रूप में पेश किया था। कांग्रेस मोदी सरकार पर आरोप लगा रही है कि वह अध्यादेश के जरिये इस कानून से उसकी ‘आत्मा और हृदय’ को निकालने का प्रयास कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News