आज के दिन दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे महात्मा गांधी,100 साल हुए पूरे

punjabkesari.in Friday, Jan 09, 2015 - 07:18 AM (IST)

मुंबई: महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटने के 100 साल पूरा होने पर आज कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महात्मा गांधी करीब 21 साल तक दक्षिण अफ्रीका में रहने के बाद नौ जनवरी 1915 को मुंबई पहुंचे थे। गांधी अपनी पत्नी कस्तूरबा के साथ लौटे थे। गांधीजी ‘‘एसएस अरबिया’’ जहाज से आए थे। जहाज की अगवानी के लिए नवनिर्मित गेटवे आफ इंडिया से एक छोटा लांच नौका रवाना हुआ था जिसमें मुंबई के कई प्रख्यात नागरिक सवार थे।  

मुंबई सर्वोदय मंडल ने उस यादगार मौके के उपलक्ष में कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं। इस मौके पर रेडियो क्लब से मुंबई विश्वविद्यालय के दीक्षांत कार्यक्रम हॉल तक एक रैली का आयोजन किया गया है। मंडल के टीआरके सोमैया ने पीटीआई भाषा को बताया कि इस जुलूस में कालेज के छात्र और अन्य लोग शामिल होंगे तथा वे गांधीजी तथा कस्तूरबा की वेशभूषा में होंगे। उन्होंने कहा कि मेयर स्नेहल अंबेकर द्वारा उनकी अगवानी की जाएगी। कांग्रेस गेटवे आफ इंडिया से मंत्रालय के पास गांधीजी की प्रतिमा तक पदयात्रा का आयोजन करेगी। इस मार्च में मोहन प्रकाश, पृथ्वीराज चव्हाण, दिग्विजय सिंह और अशोक चव्हाण जैसे पार्टी नेता भी शामिल होंगे। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News