''हैलो नेता, मंत्री!! अपने आपको भगवान समझ लिया है क्या?'' CJP Protest के समर्थन में उतरे अरिजीत सिंह, बोले- हर चीज याद रखी जाएगी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 03:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गायक अरिजीत सिंह ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई है और संसद तक निकाले गए उनके 'चलो संसद' मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की है। सोमवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, 'नीट' प्रश्नपत्र लीक मामले और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में हजारों छात्रों ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर और लाठीचार्ज करके उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।  पिछले महीने के अंत से इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों को संसद पहुंचने से रोकने के लिए अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि इस कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए।

<

>

पोस्ट शेयर कर लिखा-

सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कई पोस्ट साझा करते हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग पर नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा, "यार, छात्रों को मार रहे हैं आप लोग। शर्म नहीं आती!!??" एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ''हैलो नेता, मंत्री!! क्या चल रहा है भाई!! अपने आपको भगवान समझ लिया है क्या? हर चीज याद रखी जाएगी! याद रखना। बदलाव ही एकमात्र स्थायी चीज है।" सिंह उन कई सार्वजनिक हस्तियों में शामिल हैं जिन्होंने छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन किया है और पुलिस की कथित कार्रवाई की आलोचना की है। जहां शबाना आजमी और प्रकाश राज छात्र मार्च में शामिल हुए, वहीं अनुराग कश्यप, जीनत अमान, किरण राव, भूमि पेडनेकर, हुमा कुरैशी और दिलजीत दोसांझ सहित कई अन्य हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिये छात्रों के प्रति अपना समर्थन और चिंता व्यक्त की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News