IMD Rain Alert: 1,2, 3 और 4 अप्रैल को बारिश का Prediction... ठंडी हवाओं से गर्मी में मिली राहत

punjabkesari.in Saturday, Mar 29, 2025 - 01:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बिते शुक्रवार को दिल्ली के तापमान में अचानक गिरावट आई। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, लेकिन अगले सप्ताह इसमें फिर वृद्धि हो सकती है। 

वहीं, राजस्थान में बढ़ती गर्मी के बीच राहत की खबर आई है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। खासकर जयपुर में, जहां तापमान में 4 डिग्री की कमी आई। मौसम विभाग के अनुसार, यह राहत मार्च के अंत तक जारी रहेगी, लेकिन अप्रैल में मौसम में बदलाव की संभावना है।

अप्रैल के पहले हफ्ते में 2-3 अप्रैल के आसपास राजस्थान के दक्षिण-पूर्व हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, वहीं शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान, उदयपुर और कोटा संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा, 4 से 10 अप्रैल तक भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन राजस्थान के तापमान में और गिरावट हो सकती है, लेकिन 1-2 अप्रैल से हवा की दिशा बदलने से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार की शाम से शुरू हुई ठंडी हवाओं ने जयपुर सहित अन्य शहरों में तपती गर्मी को थोड़ा कम किया, जिससे शहरवासियों को राहत मिली।

जयपुर में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक ठंडी हवाओं का असर देखने को मिला, और तापमान में भारी गिरावट आई। शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

अजमेर में भी मौसम ने अचानक करवट ली। शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ धूल उड़ी, लेकिन हवा के कारण हल्की ठंडक महसूस हुई। यहां भी तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट आई और अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी तापमान में और गिरावट हो सकती है। शुक्रवार शाम को भी कुछ ठंडक महसूस हुई, जिससे पारा लुढ़क गया। मौसम विभाग ने 1 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के 13 जिलों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है, जिसमें हल्की बारिश हो सकती है।

विभाग के अनुसार, वर्तमान में अफगानिस्तान के ऊपर एक सिस्टम सक्रिय है, जो आगे बढ़ रहा है और पश्चिमी भारत में इसका असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, इस सिस्टम से पहले प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News