‘नाटु नाटु'' के ऑस्कर अवॉर्ड जीतने पर अनुराग ठाकुर ने दी RRR टीम को बधाई, बोले- यह तो शुरूआत है

punjabkesari.in Monday, Mar 13, 2023 - 01:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारतीय फिल्म RRR के गाने 'नाटु नाटु' के सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर अवॉर्ड जीतने पर इसकी पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि यह शुरूआत है। उन्होंने दुनिया द्वारा भारतीय विषय को मान्यता दिए जाने को ‘‘सुखद'' बताया। अनुराग ठाकुर ने संसद भवन परिसर में मीडिया से कहा कि भारतीय विषय वस्तु एवं सामग्री ने वैश्विक स्तर पर अपना स्थान बनाया है और भारतीय फिल्म RRR के गीत 'नाटु नाटु' के सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर अवॉर्ड जीतने पर इसकी पूरी टीम को बधाई। उन्होंने कहा कि यह भारतीय फिल्म के लिए अभूतपूर्व और ऐतिहासिक क्षण है, ब्रांड इंडिया सामने आ गया है।

 

सूचना प्रसारण मंत्री ने कहा, ‘‘ यह तो सिर्फ शुरूआत है, यह सुखद है कि अब दुनिया भारतीय विषय वस्तु एवं सामग्री को मान्यता दे रही है।'' बता दें कि भारतीय फिल्म ‘आरआरआर' के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु' ने अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है। निर्देशक एस. एस. राजामौली की फिल्म RRR के इस गीत ‘नाटु नाटु' के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं। इसे काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने गाया है।

 

वहीं, विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारतीय सिनेमा को यदि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलता है और उसकी पहचान बनती है तो यह देश के लिए गर्व की बात है। रिजिजू ने कहा कि इससे भारतीय संस्कृति, तौर तरीकों को पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर अवॉर्ड जीतने पर फिल्म RRR की पूरी टीम को बधाई। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता राज्यवर्द्धन सिंह राठौर ने भी आस्कर अवॉर्ड जीतने पर RRR की पूरी टीम को बधाई दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News