भारत विरोधी नारेबाजी करने वालों के खिलाफ भी सख्ती से खड़े हों राहुल : कलराज

punjabkesari.in Sunday, Feb 14, 2016 - 06:40 PM (IST)

देवरिया: केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में पिछले दिनों भारत विरोधी नारेबाजी की निन्दा करते हुए आज कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को एेसी नारेबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ भी मजबूती से खड़े होना चाहिए।
 
मिश्र ने यहां संवाददाताआें से बातचीत में कहा कि जेएनयू में हाल में कुछ लोगों ने भारत विरोधी नारेबाजी की है। यह निन्दनीय है। जेएनयू में कुछ खास विचारधारा के लोग रहते हैं। केन्द्र सरकार देशद्रोहियों के खिलाफ कोई रियायत नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कई मुद्दों पर तल्ख रवैया अपनाने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भारत विरोधी नारेबाजी करने वालों के खिलाफ भी सख्ती से खड़े होना चाहिए।  
 
मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा निर्देश में बनी तमाम योजनाआें का अब सुखद परिणाम सामने आ रहा है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बैंक अब बिना किसी गारण्टी के 50 हजार रुपए से लेकर दो लाख रुपए तक का कर्ज प्रदान कर रहे हैं। देवरिया से सांसद केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जिले में बीमार गरीबों के इलाज के लिये उन्होंने अब तक दो करोड़ 60 लाख रुपए की सहायता दी है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News