नोएडा सेक्टर-80 में फिर भड़का आक्रोश: शांत होने के बाद दोबारा सड़कों पर उतरे कर्मचारी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 11:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क। दिल्ली से सटे नोएडा में सोमवार को हुई भारी हिंसा के बाद आज भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। फेज-2 और सेक्टर-80 जैसे इलाकों में मजदूर अब भी डटे हुए हैं जिसे देखते हुए पूरे एनसीआर (NCR) में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री ने इस पूरे बवाल के पीछे सीमा पार की बड़ी साजिश का अंदेशा जताया है।

जली हुई कारें और टूटे शीशे बयां कर रहे खौफ

नोएडा के सेक्टर-63 से आई तस्वीरें डराने वाली हैं। सड़कों पर जली हुई गाड़ियां और फैक्ट्रियों के टूटे हुए शीशे कल के तांडव की गवाही दे रहे हैं। कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज के मुताबिक करीब 500 लोगों की भीड़ ने सीसीटीवी तोड़े और अंदर घुसकर रिसेप्शन व कारों को तहस-नहस कर दिया। यहां मजदूर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सरकार द्वारा बढ़ाई गई मजदूरी का नोटिस कंपनी के गेट पर लगाया जाए और '9 महीने में नौकरी टर्मिनेट' करने के खेल को बंद किया जाए।

नोएडा पुलिस और सरकार ने इस हिंसा के पीछे बड़ी साजिश की ओर इशारा किया है। जांच में 50 से ज्यादा ऐसे संदिग्ध अकाउंट मिले हैं जो पिछले 24 घंटों में ही बनाए गए थे। इनका इस्तेमाल अफवाह फैलाने के लिए किया गया। मामला अब STF के पास है। यूपी के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यह महज प्रदर्शन नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश है। उन्होंने हालिया गिरफ्तारियों का हवाला देते हुए इसमें पाकिस्तान (Pakistan) लिंक की जांच की बात कही है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 350 गिरफ्तार

हिंसा और पथराव के मामले में पुलिस अब तक 7 एफआईआर दर्ज कर चुकी है और 350 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य दंगाइयों की पहचान की जा रही है।

PM मोदी और CM योगी के दौरों के बीच सुरक्षा सख्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहारनपुर दौरे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुजफ्फरनगर कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वालों पर रासुका (NSA) जैसी सख्त कार्रवाई की जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News