ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया अपडेट, सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ एक्शन लेगी परिवार... दोबारा पोस्टमार्टम की भी तैयारी

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 02:24 PM (IST)

Twisha Sharma: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब कानूनी लड़ाई और तेज हो गई है। ट्विशा के परिवार ने फैसला लिया है कि वे जबलपुर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर उनकी सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कराने की मांग करेंगे। परिवार की ओर से यह जानकारी उनके वकील अंकुर पांडे ने दी।

वकील का कहना है कि मामले में कई अहम पहलुओं की ठीक से जांच नहीं हुई है। परिवार ने कुछ फोन नंबर और अन्य जानकारी पुलिस को दी थी, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो क्लिप की भी जांच जरूरी है, क्योंकि उससे कथित प्रताड़ना के संकेत मिलते हैं।

दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भी होगी याचिका
परिवार ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग भी करेगा। इससे पहले भोपाल की सत्र अदालत ने AIIMS दिल्ली में दूसरा पोस्टमार्टम कराने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने कहा कि फिलहाल ऐसा करने के पर्याप्त आधार नहीं हैं। हालांकि कोर्ट ने शव को सुरक्षित रखने को लेकर चिंता जताई। अदालत ने कटारा हिल्स थाना पुलिस को निर्देश दिए कि वे मध्य प्रदेश और अन्य बड़े शहरों में ऐसी सुविधाओं की जानकारी जुटाएं, जहां शव को अत्यधिक कम तापमान में सुरक्षित रखा जा सके।

AIIMS भोपाल में रखा गया है शव
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक ट्विशा का शव AIIMS भोपाल की मोर्चरी में रखा गया है। डॉक्टरों ने अदालत को बताया कि शव को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए माइनस 80 डिग्री सेल्सियस तापमान की जरूरत होती है, जबकि फिलहाल शव माइनस 4 डिग्री पर रखा गया है। भोपाल में इतनी कम तापमान वाली सुविधा उपलब्ध नहीं बताई गई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिवार से की मुलाकात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने भी ट्विशा के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी। साथ ही मामले में CBI जांच की मांग को लेकर केंद्र को पत्र भेजने की बात भी कही।

शादी के कुछ महीनों बाद हुई मौत
नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई को वह अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। इसके बाद परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह, जो रिटायर्ड जज हैं, के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए SIT का गठन भी किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News