चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी को लेकर बोले आंध्र प्रदेश के सीएम, कहा- कानून से ऊपर नहीं हैं टीडीपी अध्यक्ष

punjabkesari.in Saturday, Sep 16, 2023 - 11:10 PM (IST)

एलुरुः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू 371 करोड़ रुपए के कौशल विकास घोटाले में मुख्य आरोपी हैं और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। रेड्डी ने यहां निदादावोलू में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नायडू ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन लोगों का शोषण करते हुए बिताया है। वह कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकते, क्योंकि उन्हें घोटाले में रंगे हाथों पकड़ा गया है। 

उन्होंने कहा, ‘‘ नायडू से सवाल करने के बजाय कि 371 करोड़ रुपए कहां गए, तेदेपा के मित्र मीडिया उनका समर्थन कर रहे हैं, क्योंकि वे भी घोटाले में भागीदार हैं। सबूतों, अधिकारियों की नोट फाइलों और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई प्राथमिक जांच के आधार पर यह स्थापित किया गया कि घोटाले में  नायडू की मुख्य भूमिका है।'' उन्होंने कहा कि यहां तक कि कंपनी सीमेंस ने भी यह स्पष्ट कर दिया है कि फर्जी समझौते या समझौता ज्ञापन (एमओयू) से उनका कोई लेना-देना नहीं है और सरकार से उन्हें कोई राशि नहीं मिली। 

उन्होंने कहा, ‘‘अधिकारियों की आपत्तियों के बावजूद नायडू ने शेल कंपनियों को राशि जारी की और इसे अपने तथा अपने सहयोगियों के बीच बांटा। इन सभी वर्षों में उनके मित्रवत मीडिया ने उनके अपराधों को छिपाने की कोशिश की, जबकि नायडू ने संस्थानों को प्रबंधित करने की कोशिश की, लेकिन अब और नहीं।'' फिल्म अभिनेता सह राजनेता और जन सेना पार्टी प्रमुख के पवन कल्याण पर कटाक्ष करते हुए रेड्डी ने कहा कि जेल में नायडू के साथ उनकी ‘मुलाकात' ‘मिलाखत' निकला। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News