नशे में मंदिर पहुंचे युवक ने भगवान गणेश और शनि देव की प्रतिमाएं तोडीं, गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 11:52 PM (IST)
नेशनल डेस्क : एटा जिले के मारहरा कस्बे के प्राचीन शिवचिंताहरण मंदिर में नशे में धुत एक युवक ने हंगामा करते हुए भगवान गणेश और शनिदेव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त कर दीं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे मोहल्ला ब्राह्मणपुरी निवासी कुलदीप शर्मा नशे की हालत में बड़ा बाजार स्थित मंदिर परिसर पहुंचा। आरोप है कि उसने वहां तोड़फोड़ करते हुए स्थापित गणेश और शनिदेव की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया।
मंदिर के पुजारी विनोद मिश्रा ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी उनसे भी उलझ गया और हाथापाई पर उतारू हो गया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। शुक्रवार सुबह प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। घटना की खबर फैलते ही परिसर में भीड़ जमा हो गई। मंदिर समिति के प्रबंधक नवल किशोर ने मारहरा थाने में तहरीर दी। इसमें प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करने और पुजारी से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया।
थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
