एम्‍स में भर्ती जेटली की हालत अभी भी नाजुक, आज फिर हाल जानने एम्स जाएंगे अमित शाह

punjabkesari.in Saturday, Aug 17, 2019 - 07:21 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। सूत्रों ने इस बारे में जानकारी दी है। जेटली के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत कई नेता अस्पताल पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि जेटली (66) को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है और विभिन्न विभागों के डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति की निगरानी कर रही है। जेटली को नौ अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एम्स ने जेटली की स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में 10 अगस्त से कोई बुलेटिन नहीं जारी किया है।
PunjabKesari
सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन, भाजपा के सतीश उपाध्याय और कांग्रेस नेता अभिषेक सिंघवी और ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा एयर चीफ मार्शल बी एस धनोआ भी जेटली का हाल जानने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे। बसपा प्रमुख और उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए अस्पताल पहुंची। मायावती ने शनिवार को दोपहर एक बजकर छह मिनट पर ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केन्द्रीय वित्त व रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के स्वास्थ्य का हालचाल लेने आज नई दिल्ली के एम्स अस्पताल गई। उनके परिवार के लोगों से मिलकर उन्हें दिलासा दिलाने के साथ-साथ कुदरत से प्रार्थना भी है कि वह श्री जेटली को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दे।'' हर्षवर्द्धन ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘एम्स में डॉक्टर अपना हर मुमकिन प्रयास कर रहे हैं।''
PunjabKesari
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जेटली के स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए शुक्रवार को एम्स पहुंचे थे। सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी की समस्या के बाद जेटली को अस्पताल में भर्ती कराया गया इस साल मई में उपचार के लिए वह एम्स में भर्ती हुए थे।
PunjabKesari

जेटली पेशे से एक वकील हैं और वह भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल का अहम हिस्सा रहे थे। उन्होंने वित्त एवं रक्षा दोनों मंत्रालयों का कार्यभार संभाला था और प्राय: वह सरकार के प्रमुख संकटमोचक के तौर पर कार्य करते रहे हैं। अपने खराब स्वास्थ्य के कारण ही संभवत: जेटली ने 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। पिछले साल 14 मई को एम्स में उनके गुर्दे का प्रत्यारोपण हुआ था और उस वक्त उनकी जगह रेल मंत्री पीयूष गोयल ने वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। लंबे समय से मधुमेह से ग्रसित होने के कारण अपने बढ़े हुए वजन को ठीक करने के लिये सितंबर 2014 में उन्होंने बेरियाट्रिक सर्जरी करायी थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News