नंवबर में गुजरात पहुंचेगा मोदी का विजय रथ, हंसते-हंसते हासिल करेंगे 150 का आंकडा: शाह

punjabkesari.in Wednesday, Mar 29, 2017 - 06:45 PM (IST)

अहमदाबाद: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीटों पर प्रचंड जीत के बाद इस साल के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से ऐसी संगठित तैयारी करने का आहवान किया ताकि कुल 182 सीटों में ‘हंसते-हंसते’ 150 से अधिक का आंकडा मिल जाए। शाह ने यहां साबरमती नदी के किनारे रिवरफ्रंट पार्टी कार्यकर्ताओं के विशाल विजय विश्वास सम्मेलन में पीएम मोदी को आजाद भारत का सबसे लोकप्रिय नेता करार देते हुए पिछले ढाई से पौने तीन साल में उनकी सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए कहा कि इस दौरान भाजपा ने हरियाणा, जम्मू कश्मीर, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई चुनावों में जीत के साथ देश की 59 प्रतिशत जनसंख्या और 65 प्रतिशत क्षेत्र पर अपनी सरकारें बना ली। उन्होंने कहा कि मोदी का विजय रथ नवंबर में गुजरात में आने वाला है, जिसे आगे बढाना है। 

कांग्रेस और राहुल पर कटाक्ष
शाह ने कहा कि जातिवाद, दंगों, तुष्टिकरण और कुशासन का पर्याय बन चुकी कांग्रेस गुजरात में चुनाव के नजदीक आने पर कई तरह के झूठ फैलाएगी। इस झूठ के कीचड़ में से कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) ही खिलेगा। कांग्रेस के गुजरात में चुनावी अभियान ‘कांग्रेस आवे छे’ यानी कांग्रेस आ रही है पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जनता कह रही है कि कांग्रेस जावे छे। नेहरू जी कहते थे कि जनसंघ (भाजपा की पूर्ववर्ती पार्टी) 20 पीढी तक सत्ता में नही आएगी। राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में भाजपा की संसद में 2 सीटों पर कटाक्ष करते हुए वह इसे हम दो हमारे दो पार्टी बताते थे, पर अब भाजपा के 11 करोड़ सदस्य हैं। 15 राज्यों में सरकार है तथा कुल मिला कर 1385 विधायक और 400 सांसद हैं। अब कांग्रेस के लोकसभा में मात्र 44 सांसद हैं और यह एक के बाद एक चुनाव हारते हुए सिमट कर रह गई है। राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा वह कश्मीर में सैन्य कार्यवाही को इटालियन चश्मे से देख रहे हैं। मोदी सरकार में सेना सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवादियों का जवाब देती है जबकि कांग्रेस के शासन में पाकिस्तान भारतीय सैनिकों के सिर काट ले जाता था। 

AAP पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि भाजपा 1990 से लेकर अब तक गुजरात में एक भी चुनाव में हारी नहीं है। मोदी ने जातिवादी, परिवारवाद, तुष्टिकरण वाली राजनीति को समाप्त कर कामकाज यानी प्रदर्शन आधारित राजनीति के नए युग की शुरूआत की है। उनकी वजह से दुनिया भर में भारत का नाम भी बढ़ा है। नर्मदा योजना जिसका पत्थर नेहरू जी ने रखा था उसका काम मोदी ने आगे बढ़ाया। गुजरात में सभी सीटों पर चुनाव लडऩे का ऐलान कर चुकी आम आदमी पार्टी पर प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि यह हर चुनाव के समय बिल्ली की तरह खड़ी हो जाती है। पिछले लोकसभा चुनाव में 432 सीटों में से 4 पर ही किसी तरह जीत सकी। बाकी पर इसकी जमानत जब्त हो गई। गोवा में 40 में से 38 पर इसने जमानत गंवा दी। जीत एक पर भी नहीं मिली। पंजाब की 170 में से इसे मात्र 20 सीटें ही मिली, 25 पर जमानत गयी। यह ऐसी पार्टी है चुनावों के बाद अ²श्य हो जाती है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News