श्री लिंगराज मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे अमित शाह, भगवान शिव का जलाभिषेक कर शुरू की ओडिशा यात्रा

punjabkesari.in Monday, Aug 08, 2022 - 02:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रावण मास के अंतिम सोमवार को यहां श्री लिंगराज मंदिर में जलाभिषेक कर अपनी ओडिशा यात्रा शुरू की। उन्होंने कड़ी सुरक्षा के बीच 11वीं सदी के भगवान शिव के मंदिर में लगभग 20 मिनट बिताए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भुवनेश्वर से सांसद अपराजिता सारंगी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ आए शाह ने मंदिर के बाहर कतार में खड़े श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

 

भाजपा के नेता शाह के मंदिर दर्शन के दौरान पुलिस बल की दस पलटनों को तैनात किया गया था। मंदिर के दर्शन करने के बाद शाह भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष समीर मोहंती के घर के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने उनके परिवार और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ नाश्ता किया। इसके बाद शाह कटक के ओडिया बाजार में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्म स्थान पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री ने क्रांतिकारी नेता बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वह नेताजी सुभाष संग्रहालय भी गए, जहां बोस के बचपन से जुड़ी यादगार वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है।

 

कटक जाने के दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाह का स्वागत किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने उन्हें गुलदस्ते दिए। शाह आज कटक के इनडोर स्टेडियम में उड़िया दैनिक समाचार पत्र 'प्रजातंत्र' की 75वीं वर्षगांठ से संबंधित समारोह में भाग लेंगे। वह प्रधानमंत्री मोदी पर एक किताब का विमोचन भी करेंगे। शाह देर रात करीब डेढ़ बजे यहां बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News