अमरनाथ यात्रा में दर्दनाक हादसे का VIDEO वायरल, भूस्खलन की चपेट में आई महिला तीर्थयात्री की मौत
punjabkesari.in Thursday, Jul 17, 2025 - 06:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर की पवित्र अमरनाथ यात्रा एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गई है। 16 जुलाई की शाम को गंदेरबल जिले के रेलपथरी क्षेत्र में बालटाल मार्ग पर भारी बारिश के कारण अचानक भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। इस हादसे में राजस्थान से आई एक महिला तीर्थयात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ अन्य यात्री घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जुलाई की शाम करीब 7:15 बजे बालटाल मार्ग पर जेड मोड़ के पास तेज बारिश शुरू हुई। देखते ही देखते वहां भारी भूस्खलन हो गया। बड़ी-बड़ी चट्टानें और मलबा तीर्थयात्रियों के रास्ते में बहने लगे। इस दौरान तीर्थयात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। उसी दौरान राजस्थान की 55 वर्षीय महिला सोना बाई मलबे की चपेट में आ गईं। उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
वीडियो हुआ वायरल: डरावना मंजर
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह अचानक भूस्खलन हुआ और कैसे लोग उसमें फंस गए। वीडियो में पहाड़ों से बहता मलबा और पानी तीर्थयात्रियों को अपनी चपेट में लेता दिख रहा है। यह वीडियो यात्रा में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।
अस्पताल में भर्ती हैं घायल, स्थिति स्थिर
इस भयानक हादसे में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें तुरंत बालटाल बेस कैंप स्थित अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति अब स्थिर है। राहत कार्य में जुटी BRO (बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन) ने मलबा हटाने का काम भी शुरू कर दिया है।
🚨 #AmarnathYatra2025 suspended from Jammu due to heavy rain and landslides. 😢
— Sourabh (@vellasrv) July 17, 2025
Tragic loss: 1 woman pilgrim killed, 8 injured on Baltal
route.
Authorities urge safety as repairs begin. 🙏
Stay tuned for updates! #JammuKashmir #landslide pic.twitter.com/HB4oHnhoma
मौसम ने बढ़ाई चिंता, यात्रा अस्थाई रूप से स्थगित
पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते अमरनाथ यात्रा के दोनों प्रमुख मार्ग बालटाल और पहलगाम से यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 18 जुलाई तक भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। इस कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीर्थयात्रियों को फिलहाल यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
अब तक 2.47 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 2.47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए आते हैं लेकिन मौसम की मार इस धार्मिक यात्रा को अक्सर मुश्किल बना देती है।
प्रशासन की अपील: मौसम सुधारने तक रुकें श्रद्धालु
प्रशासन और यात्रा प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम साफ होने और मार्गों की मरम्मत पूरी होने तक बेस कैंप से आगे यात्रा न करें। सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।