गजब! देश के इस अनोखे गांव में शराब और तंबाकू पर पाबंदी, शाम 6 से 8 बजे तक बंद रहते हैं टीवी और मोबाइल फोन

punjabkesari.in Wednesday, Aug 28, 2024 - 03:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आजकल लोग ज्यादातर ऑफबीट डेस्टिनेशन एक्सप्लोर करना पसंद करते हैं। क्या आप जानते हैं कि महाराष्ट्र में एक ऐसा अनोखा गांव है, जहां शराब पीना और लाना प्रतिबंधित है? रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आदर्श गांव को जाकेकुरवाड़ी के नाम से जाना जाता है। इस गांव के सरपंच अमर सूर्यवंशी हैं। अमर सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में गांव में महज चार साल में बड़ा बदलाव आया है।

इस गांव में शराब पीने वालों का प्रवेश प्रतिबंधित है। साथ ही गांव में शराब लाना भी सख्त पाबंदी है। इसके साथ ही गांव में तंबाकू खाना और बेचना भी प्रतिबंधित है।इसके अलावा, यह सोशल मीडिया का जमाना है। हर किसी के पास मोबाइल फोन है। यही वजह है कि ज्यादातर युवा लड़के-लड़कियां, माता-पिता, पुरुष और महिलाएं अपने मोबाइल फोन पर वीडियो देखने में अपना समय बर्बाद करते हैं। इसलिए, इस गांव में शाम 6 से 8 बजे तक टीवी और मोबाइल फोन बंद कर दिए जाते हैं। यह गतिविधि इसलिए लागू की गई है ताकि छात्र पढ़ाई कर सकें।

पूरे गांव को नए तरीके से बनाया गया है। गांव में भूमिगत नाला है और जनभागीदारी के लिए बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच हैं। हाल ही में सरपंच अमर सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में ग्रामीणों ने इस वर्ष साढ़े पांच हजार पौधे लगाए हैं। इस आदर्श गांव में सभी महापुरुषों की जयंती और सभी धार्मिक त्योहार एक साथ मनाए जाते हैं। गांव की सद्भावना और एकता गांव को आदर्श बनाने में बहुत सहायक है। यही कारण है कि महज चार साल में गांव का कायापलट हो गया और यह महाराष्ट्र का आदर्श गांव बन गया।

गांव में बड़े पैमाने पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों का मार्गदर्शन किया जाता है। महज चार साल में जाकेकुरवाड़ी कई गांवों के लिए प्रेरणा बनकर बदल गया है। जाकेकुरवाड़ी गांव भारत के महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले की उमरगा तहसील में स्थित है। यह उप-जिला मुख्यालय उमरगा (तहसीलदार कार्यालय) से 10 किमी और जिला मुख्यालय उस्मानाबाद से 95 किमी दूर स्थित है। विभिन्न स्रोतों के अनुसार, गांव का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 651 हेक्टेयर है। जाकेकुरवाड़ी की कुल आबादी 1,594 है। इनमें से पुरुषों की आबादी 832 और महिलाओं की आबादी 762 है। जाकेकुरवाड़ी गांव की साक्षरता दर 64.24 प्रतिशत है। जाकेकुरवाड़ी गांव में करीब 349 घर हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News