अरे मर जाने दो! – पति के इतना बोलते ही महिला ने घर की दूसरी मंज़िल से लगाई छलांग, ससुराल वाले बनाते रहे VIDEO
punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 07:35 AM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान और गुस्से से भर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक महिला को दो मंजिला घर की छत से छलांग लगाते देखा गया, लेकिन जो उसके बाद हुआ, उसने हर देखने वाले की रूह कंपा दी।
छत से कूदी महिला, जमीन पर गिरते ही ससुराल वालों का कहर
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला छत पर खड़ी है और अचानक वह नीचे छलांग लगा देती है। वह सीधा आंगन में मुंह के बल गिरती है। नीचे गिरने के बाद वह दर्द से कराहती नजर आती है, उसकी हालत गंभीर दिखती है। लेकिन वहां मौजूद ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल ले जाने या उसकी मदद करने के बजाय, उस पर टूट पड़ते हैं और लात-घूंसों से मारना शुरू कर देते हैं।
दहेज उत्पीड़न की मिली जानकारी
बताया जा रहा है कि यह महिला लंबे समय से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित की जा रही थी। आखिरकार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया, लेकिन नीचे गिरने के बाद भी उसकी पीड़ा खत्म नहीं हुई। आरोप है कि महिला के पति और अन्य ससुरालजन ने न केवल उसे रोका नहीं, बल्कि गिरने के बाद भी जमकर पीटा।
कहां की है घटना?
यह दिल दहला देने वाली घटना अलीगढ़, उत्तर प्रदेश की बताई जा रही है। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहा है और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। हर कोई पूछ रहा है – क्या हमारे समाज में इंसानियत बची है?
वीडियो ने सोशल मीडिया पर मचाया कोहराम
X अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें पीछे से घरवालों की आवाजें आ रही है कूद जा...आ कूद और मारेंगे, इसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और हजारों यूजर्स इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे चुके हैं। वीडियो में महिला की हालत देखकर किसी का भी दिल कांप जाए।
कुछ यूजर्स ने लिखा:
“ये लोग इंसान नहीं हैवान हैं।”
“देवी की पूजा करोगे और घर की महिला को मारोगे – ये दोहरा चरित्र कब बदलेगा?”
“दहेज के लिए इंसान इतना गिर सकता है, ये कभी सोचा नहीं था।”
महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है
सूत्रों के मुताबिक महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद महिला पक्ष ने ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
