TMC Manifesto 2026: ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान, महिलाओं को ₹1500 और युवाओं को मिलेगी पॉकेट मनी
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 05:54 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने TMC का घोषणा पत्र यानि की Manifesto जारी कर दिया है। 'लक्ष्मी भंडार' योजना के विस्तार से लेकर युवाओं के लिए सीधे नकद लाभ तक, टीएमसी ने समाज के हर वर्ग को साधने की कोशिश की है।
नकद लाभ में इन घोषणाओं को किया है शामिल
घोषणा पत्र में आर्थिक सहायता को केंद्र में रखा गया है:
- लक्ष्मी भंडार योजना: सामान्य वर्ग की महिलाओं को अब हर महीने ₹1,500 और अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) की महिलाओं को ₹1,700 की मासिक सहायता दी जाएगी।
- युवाओं को सहारा: बेरोजगार युवाओं के लिए ममता बनर्जी ने ₹1,500 प्रति माह की 'पॉकेट मनी' देने का ऐलान किया है।

स्वास्थ्य और शिक्षा में
- घर-घर इलाज: 'दुआरे सरकार' की सफलता के बाद अब 'दुआरे चिकित्सा' (घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं) शुरू की जाएगी। इसके लिए हर बूथ स्तर पर चिकित्सा कैंप लगाए जाएंगे।
- स्मार्ट स्कूल: राज्य के हजारों स्कूलों को ई-लर्निंग सुविधाओं के साथ आधुनिक (Modernize) बनाया जाएगा।
- प्रशासनिक सुधार: विकास को गति देने के लिए 7-8 नए जिले, ब्लॉक और नई नगरपालिकाओं के गठन का वादा किया गया है।
इंडस्ट्री और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बंगाल को निवेश के लिए एक प्रमुख डेस्टिनेशन बताया। उन्होंने कहा "MSME क्षेत्र में बंगाल नंबर वन है, जहाँ 1.5 करोड़ लोग कार्यरत हैं। हमारी लेदर इंडस्ट्री देश में सबसे बड़ी है और आने वाले समय में हम औद्योगिक विकास को और तेज करेंगे।"

बीजेपी पर बोला तीखा हमला
मेनिफेस्टो जारी करते समय ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने जनता से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियों से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बाहरी तत्वों और माफियाओं के प्रति आगाह करते हुए सामाजिक सद्भाव (हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई एकता) बनाए रखने पर जोर दिया।
