हवाई सफर हुआ सस्ता, बरेली से दिल्ली फ्लाइट का किराया इतना रुपये तक हुआ कम

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 05:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: घरेलू यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए इंडिगो एयरलाइंस ने बड़ी खुशखबरी दी है। दरअसल,  बरेली से दिल्ली और नोएडा के लिए जुलाई से शुरू होने वाली फ्लाइट सेवा करीब 25 दिन बाद शुरू होने जा रही है। इसी बीच इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को राहत देते हुए किराए में कटौती कर दी है। दिल्ली और नोएडा से बरेली आने वाली फ्लाइट का किराया लगभग एक हजार रुपये तक कम किया गया है।

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होगी फ्लाइट सेवा 
जानकारी के मुताबिक, बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट सेवा 1 जुलाई से शुरू होगी। यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। दिल्ली से फ्लाइट दोपहर 1:35 बजे रवाना होकर 2:36 बजे बरेली पहुंचेगी। वहीं वापसी में बरेली से फ्लाइट 3 बजे उड़ान भरकर 4:05 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 2 जुलाई से मिलेगी फ्लाइट
इसके अलावा बरेली से नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान सेवा 2 जुलाई से शुरू होगी। यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। नोएडा से फ्लाइट सुबह 10:30 बजे रवाना होकर 11:20 बजे बरेली पहुंचेगी, जबकि बरेली से दोपहर 12:05 बजे उड़ान भरकर 1 बजे नोएडा पहुंचेगी।

एयरलाइन ने किराए को लेकर जारी किया निर्देश 
फ्लाइट संचालन की घोषणा के समय किराया 4,500 रुपये तय किया गया था, लेकिन फिलहाल सीट बुकिंग बढ़ाने के लिए एयरलाइन ने किराए में कमी कर दी है। वर्तमान में दिल्ली और नोएडा से बरेली का किराया घटाकर 3,591 रुपये कर दिया गया है। वहीं बरेली से दिल्ली जाने का किराया 4,265 रुपये रखा गया है। एयरलाइन सूत्रों का कहना है कि जैसे-जैसे सीटें भरती जाएंगी, वैसे-वैसे किराए में बढ़ोतरी भी हो सकती है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News