दिल्ली: हवा के असर से प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार, AQI अब भी ‘बेहद खराब''...हल्की बारिश के आसार

punjabkesari.in Tuesday, Nov 08, 2022 - 12:34 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार चौथे दिन मंगलवार सुबह ‘बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग के विशेषज्ञों ने दिन में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा साझा किए गए आंकड़े के अनुसार न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में औसत से तीन डिग्री अधिक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे का औसत AQI मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे 348 था।

 

रविवार को AQI 339 था जो बढ़कर सोमवार को 354 हो गया। शनिवार को यह 381 था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 2008 के बाद से नवंबर महीने में सबसे अधिक है।

 

सोमवार को अधिकतम तापमान जहां औसत से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। IMD ने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 92 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना के साथ दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News

Recommended News