युद्ध की आहट से सहमा आसमान! Air India ने रद्द कीं दर्जनों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, हजारों यात्रियों की बढ़ी मुसीबत
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 09:56 AM (IST)
Air India Flight Cancellations : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद मिडिल ईस्ट का आसमान नो फ्लाई ज़ोन में तब्दील होता जा रहा है। सुरक्षा कारणों से कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद कर दिए हैं जिसका सीधा असर भारतीय उड़ानों पर पड़ा है। एअर इंडिया ने आज यानी 2 मार्च (सोमवार) को यूरोप और खाड़ी देशों की कई उड़ानों को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है।
इन देशों के लिए उड़ानें पूरी तरह निलंबित
एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए निम्नलिखित देशों की हवाई सेवाएं आज रात 11:59 बजे तक बंद रहेंगी:
-
संयुक्त अरब अमीरात (UAE)
-
सऊदी अरब
-
इजरायल
-
कतर
आज रद्द रहने वाली मुख्य उड़ानें (सोमवार, 2 मार्च)
यूरोप जाने वाले यात्रियों के लिए भी आज का दिन मुश्किल भरा रहने वाला है। एअर इंडिया की ये 6 प्रमुख उड़ानें आज संचालित नहीं होंगी:
-
अमृतसर से बर्मिंघम (AI 117) और बर्मिंघम से दिल्ली (AI 114)
-
दिल्ली से ज्यूरिख (AI 151) और ज्यूरिख से दिल्ली (AI 152)
-
दिल्ली से कोपेनहेगन (AI 157) और कोपेनहेगन से दिल्ली (AI 158)
यह भी पढ़ें: तालिबान का 'Operation Rawalpindi': नूर खान एयरबेस पर फिर बरसी आग, 32 सैनिकों के मारे जाने का दावा
वैकल्पिक रास्तों की तलाश
भले ही कई उड़ानें रद्द हैं लेकिन एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि वह नॉर्थ अमेरिका और यूरोप के कुछ अन्य शहरों के लिए उड़ानें जारी रखने की कोशिश कर रही है। इसके लिए वैकल्पिक और लंबे रास्तों (Alternative Routes) का उपयोग किया जा रहा है ताकि तनावग्रस्त एयरस्पेस से बचा जा सके। रविवार को भी कंपनी ने सुरक्षा के मद्देनजर 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं।
यात्रियों के लिए क्या है सुविधा?
-
री-बुकिंग: एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था और री-बुकिंग में सहायता दे रही है।
-
रिफंड: यात्री अपनी उड़ानों के स्टेटस के अनुसार रिफंड के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
-
संपर्क: यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड नंबर पर अपडेट भेजे जा रहे हैं। अपडेट के लिए एअर इंडिया की वेबसाइट या 24x7 कॉल सेंटर पर संपर्क किया जा सकता है।
इंडिगो का रुख
निजी विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने भी कहा है कि वे मिडिल ईस्ट की स्थिति पर गहरी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा कि हर फैसला यात्रियों की सेफ्टी को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है।
