कृषि मंत्री ने लोगों से किया संवाद

punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 07:57 PM (IST)


चंडीगढ़ 20 जुलाई -(अर्चना सेठी) हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  जे पी दलाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई, जिसका लाभ किसानों को मिल रहा है। प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में जो योजनाएं बनाई है, वह अन्य राज्यों के मुकाबले में बेहतर है। प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। गन्नौर में भारत की सबसे बड़ी सब्जी मंडी लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएगी, जिसके बनने से देश व प्रदेश के किसान फल व सब्जियों की ज्यादा से ज्यादा खेती कर पाएंगे। जे पी दलाल आज पलवल में होडल विधानसभा क्षेत्र के गांव बांसवा व भुलवाना में जनसंवाद कर रहे थे।

 जे.पी. दलाल ने संवाद में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनका तत्परता से समाधान करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने बांसवा में ग्रामीणों की मांगों को पूरा करते हुए कहा कि जल्द ही बांसवा गांव में 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवा दी जाएगी। पीडब्ल्यूडी रोड के साथ-साथ नाली को पक्का करके उसके पानी को उझीना ड्रेन में डलवा दिया जाएगा, जिससे गांव में पानी का भराव नहीं होगा। राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या पूरी होने पर स्कूल को अपग्रेड करवा दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगो को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने गांव भुलवाना में पशु अस्पताल, व्यायामशाला, आंगनवाडी केंद्र, नालियों की साफ-सफाई, राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े पुल की मांग, बस स्टैंड का निर्माण, उझीना ड्रेन पर गांडर वाले रास्ते पर पुल का निर्माण, खेल स्टेडियम जैसी बड़ी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया और कहा कि वे मुख्यमंत्री से बात कर इन्हें जल्द ही पूरा करवाएंगे। जे पी दलाल ने भुलवाना की बेटी काजल चौधरी, जिसने जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में मेडल जीता है को 51 हजार रुपए ईनाम देने की घोषणा की।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में दुनिया में भारत ने नई पहचान बनाई है। आज भारत उंचाईयों को छू रहा है। तकनीकी व विज्ञान के क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। आने वाल समय में भारत विश्व गुरू के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा प्रदेश में जनसंवाद कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। जन संवाद कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना है।

 जे पी दलाल ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा मेहनत किसान करता है। मुझे उनकी सेवा का मौका मिला है। किसान गर्मी, सर्दी, बरसात के मौसम में कड़ी मेहनत कर सारी दुनिया का पेट भरता है। कोरोना काल के दौरान किसानों ने ही देश की अर्थव्यवस्था को बचाए रखा था, क्योंकि किसानों ने उस वक्त भी कड़ी मेहनत करके सबके पेट भरने का काम किया था।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पशुओं के लिए बीमा योजना स्कीम चलाई है और जल्द ही हर जिले में 10 गाड़ी व 10 डॉक्टर उपलब्ध होंगे, जो बीमार पशुओं की देखभाल के लिए तत्पर रहेंगे। देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद किसानों के हितों की तरफ विशेष ध्यान दिया है। सरकार द्वारा किसानों के लिए समय पर खाद, बीज की व्यवस्था की गई। सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाई गई।

उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल शुरू किया है। किसान सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करवाएं।


 जे पी दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे है। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। हरियाणा सरकार में पारदर्शिता के आधार पर युवाओं को नौकरी प्रदान की जा रही है। सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Related News