पुणे के बाद अब अहमदाबाद में नाबालिग ''स्पीड'' का कहर, SUV से लड़की को मारी टक्कर

punjabkesari.in Sunday, Jun 02, 2024 - 08:24 AM (IST)

नेशनल डेस्कः गुजरात के अहमदाबाद में 17 वर्षीय एक किशोर द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) ने एक लड़की को टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। गुजरात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि किशोरी को टक्कर मारने वाली फॉर्च्यूनर को चलाने वाले आरोपी लड़के को हिरासत में लिया गया है। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि वह शराब या मादक पदार्थ के नशे में गाड़ी नहीं चला रहा था।

एन-डिवीजन की यातायात पुलिस निरीक्षक के पी सागथिया ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार शाम को थलतेज इलाके में पीड़िता के घर के पास उस समय हुई, जब वह सड़क से होते हुए पास के बाजार जा रही थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल लड़की (16) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पी सागथिया ने कहा, ‘‘प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय फॉर्च्यूनर कार बहुत तेज गति से चल रही थी। लड़की को टक्कर मारने के बाद चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पास के खाली प्लॉट में जा घुसी।

स्थानीय लोगों ने चालक को घेर लिया और पुलिस को इस बारे में सूचित किया। '' उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय कार चला रहे नाबालिग के दो दोस्त भी उसके साथ कार में सवार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फॉर्च्यूनर नाबालिग के बड़े भाई के नाम पर पंजीकृत पाई गई। आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘वह शराब या मादक पदार्थों के प्रभाव में नहीं पाया गया। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। ''

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News