राहुल, खरगे का आरोप: महाराष्ट्र के बाद बिहार में चुनाव ‘चोरी करने'' की फिराक में भाजपा

punjabkesari.in Saturday, Jul 12, 2025 - 12:43 AM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छिड़े विवाद के बीच शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी आगामी विधानसभा चुनाव को ‘‘चोरी करने'' का प्रयास कर रही है। यहां पार्टी के ‘संविधान बचाओ समावेश' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पर अपना कर्तव्य न निभाने और भाजपा के हित में काम करने का आरोप लगाया।

गांधी ने कहा, ‘‘हम भाजपा और ईसीआई को बिहार में चुनाव की चोरी करने से रोकेंगे।' कांग्रेस आरोप लगाती रही है कि मतदाता सूची में हेराफेरी से भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीतने में मदद मिली। गांधी ने आरोप लगाया कि ओडिशा की नई भाजपा सरकार उद्योगपति गौतम अदाणी द्वारा चलाई जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि अदाणी के लिए पुरी में रथ यात्रा रोक दी गई थी। उन्होंने पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को भी प्रोत्साहित करते हुए कहा, ‘‘आप ‘बब्बर शेर' हैं, किसी से न डरें और न्याय के लिए लड़ें।''

जनसभा के बाद बंद कमरे में हुई बैठकों में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने ओडिशा के नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें आपसी कलह छोड़कर भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में इस प्रयास को ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन के घटक दलों द्वारा विफल किया जाएगा। कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं ने यहां ‘संविधान बचाओ समावेश' कार्यक्रम को संबोधित किया और जनता का आह्वान किया कि वे ओडिशा में ‘‘जल, जंगल, जमीन'' छीनने वाली सरकार को सत्ता से बेदखल करें। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘महाराष्ट्र की तरह, बिहार में भी चुनाव को चोरी करने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा पूरे देश में हमारे संविधान पर हमला कर रही है।'' उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया' गठबंधन की बैठक में घटक दलों ने, बिहार में भाजपा को चुनाव की ‘‘चोरी करने'' से रोकने का फैसला किया है। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा के हित में काम कर रहा है और अपना कर्तव्य नहीं निभा रहा है। खरगे ने पुनरीक्षण मामले का हवाला देते हुए कहा कि लोगों के मतदान के अधिकार को छीनने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘महाराष्ट्र में जो सरकार बनाई है वह चोरी (से) और चोरों की सरकार है। 85 लाख वोट को बदलकर वहां भाजपा ने सरकार बनाई। आज वही कोशिश बिहार में हो रही है। बिहार में सात करोड़ मदाताओं में से दो करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।'' उन्होंने लोगों से सवाल किया, ‘‘क्या सत्ता में ऐसे लोग चाहिए, क्या इससे लोकतंत्र बचेगा?'' खरगे ने कहा कि ऐसे गद्दारों को सत्ता से निकाल देना चाहिए, उन्हें सबक सिखाना चाहिए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा पांच-छह पूंजीपतियों के लिए सरकार चलाती है। यह देश के आम लोगों के लिए काम नहीं करती।'' पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘‘जल, जंगल, जमीन'' आदिवासियों के हैं और उनके ही रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News