राहुल गांधी अनुभव से नहीं सीखते, वह भाजपा की ''बी-टीम'' हैं: विजयन

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 03:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बृहस्पतिवार को निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक हस्ती होने के बावजूद ''वह अनुभव से सीखते नहीं हैं।'' विजयन ने गांधी एवं उनकी पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'बी-टीम' होने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब एक दिन पहले बुधवार को गांधी ने आरोप लगाया था कि केरल के मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में केंद्रीय एजेंसियों की कथित निष्क्रियता वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और भाजपा के बीच ''साठगांठ'' का सबूत है। 

PunjabKesari

विजयन ने कांग्रेस नेता के आरोप को लेकर यहां कोठमंगलम में संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, ''भले ही वह (राहुल) एक राष्ट्रीय नेता हैं लेकिन सच्चाई यह है कि उनमें क्षेत्रीय नेता जैसी समझ भी नहीं है। वह किसी भी बात को स्पष्ट रूप से समझने की कोशिश नहीं करते। वह अनुभव से सीखते नहीं हैं।'' उन्होंने कहा, ''ये किसी राजनीतिक नेता को शोभा देने वाली बात नहीं हैं। 

कांग्रेस के एक अहम नेता में इतनी गिरावट कैसे आ सकती है? यह सब दिखाता है कि भारत में राहुल गांधी और कांग्रेस, भाजपा की 'बी-टीम' हैं।'' राहुल गांधी ने बुधवार को कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के एक चुनावी कार्यक्रम में कहा था कि देशभर में विपक्ष के नेताओं को भाजपा के खिलाफ लड़ने के कारण निशाना बनाया गया और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए लेकिन विजयन के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले आगे नहीं बढ़ रहे और यह एलडीएफ एवं भाजपा के बीच मिलीभगत का संकेत था। 

PunjabKesari

विजयन ने कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली में, आबकारी नीति भ्रष्टाचार मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की मांग राहुल गांधी और कांग्रेस ने की थी लेकिन बाद में केजरीवाल बरी हो गए और यह भाजपा एवं राहुल समेत कांग्रेस के मुंह पर तमाचा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा को हराने के लिए 'आप' के साथ हाथ मिलाने के बजाय कांग्रेस ने केजरीवाल की पार्टी का विरोध किया जिससे वहां भाजपा की जीत हुई। 

PunjabKesari

विजयन ने दावा किया कि इसी तरह हरियाणा और बिहार में भाजपा के खिलाफ गठबंधन को आगे नहीं बढ़ा पाने में कांग्रेस की विफलता के कारण उन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा की जीत हुई। उन्होंने कहा, ''यह सब दिखाता है कि कांग्रेस भाजपा को जिताने में मदद कर रही है और उसकी साझेदार के रूप में काम कर रही है।'' विजयन ने कहा कि केरल में एलडीएफ को हराने के लिए दशकों से कांग्रेस ही भाजपा के साथ गठजोड़ करती रही है। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस और भाजपा, दोनों की मानसिकता एक जैसी है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News