पूरा महाराष्ट्र सन्न... स्कूल से घर लौटते समय छठी कक्षा की मासूम पर एसिड अटैक, आरोपी फरार

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 12:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। संगमनेर तहसील के वडगांव पान क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा पर एसिड अटैक किया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

स्कूल से लौटते समय छात्रा पर हमला

जानकारी के अनुसार, छठी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा मंगलवार को स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक अज्ञात युवक उसके पास आया और बिना किसी बातचीत के उसके चेहरे पर तेजाब फेंककर मौके से फरार हो गया। हमले के बाद बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था।

अस्पताल में इलाज जारी, हालत पर नजर

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को पास के प्रवरानगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है। छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें - दिन में होगा अंधेरा... इस दिन लगेगा साल 2026 का दूसरा सूर्य ग्रहण

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पीड़ित छात्रा का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिसके बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उसकी मां पर है। मां मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती है। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ न्याय की मांग कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश तेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

एसिड बिक्री पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर खुले बाजार में एसिड की बिक्री पर सवाल उठने लगे हैं। नियमों के बावजूद एसिड आसानी से उपलब्ध होना चिंता का विषय है। ऐसे हमले न सिर्फ पीड़ित के शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि उसके मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य पर भी गहरा असर डालते हैं।

सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोक सकती है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपी को कितनी जल्दी पकड़ा जाता है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News