BJP का साथ छोड़ अभिनेता एस. देवन TVK में होंगे शामिल, मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 01:49 PM (IST)

तिरुवनंतपुरम : हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने वाले अभिनेता एस देवन ने आज  कहा कि उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) में शामिल होने का फैसला किया है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे देवन ने हाल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पद से इस्तीफा देने और पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी।

देवन ने संवाददाताओं से कहा कि टीवीके के प्रतिनिधियों ने दो दिन पहले उनसे मुलाकात की थी और उन्हें पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था। उन्होंने कहा, इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक हुई और मैंने निमंत्रण स्वीकार करने का फैसला किया। 

10 सितंबर को तमिलनाडु में टीवीके नेताओं के साथ बैठक होगी जिसके बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी। देवन ने कहा कि उन्हें टीवीके के प्रदेश अध्यक्ष पद की पेशकश की गई है और आगामी बैठकों के दौरान इस संबंध में चर्चा की जाएगी। 

यह भी पढ़ें: PAN Card Rules: इन बड़े वित्तीय लेन-देन में PAN Card देना है अनिवार्य, गलत जानकारी दी तो...

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन के दौरान वह कांग्रेस और उसके छात्र संगठन केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) में सक्रिय रूप से शामिल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके जिसके बाद उन्होंने 2004 में अपनी पार्टी बनाने का फैसला किया। देवन ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा केरल में मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में कोई बदलाव लाने में विफल रही है। 

उन्होंने कहा, यहां मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था को बदलने के मामले में वे पूरी तरह विफल हैं। लोग बदलाव चाहते हैं। देवन ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत केरल पीपुल्स पार्टी का गठन करके की थी जिसका 2020 में नाम बदलकर नव केरल पीपुल्स पार्टी कर दिया गया। 

यह भी पढ़ें: Amravati Hospital Fire: सीएम फडणवीस ने दिए जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की दी सहायता

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद 2021 में अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया था और इसके बाद उन्हें पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। हाल में भाजपा छोड़ने के बाद देवन ने कहा था कि उन्हें पार्टी के भीतर काम करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News