''राहुल गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कर रहे, जानबूझकर संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहे...'', JP नड्डा ने साधा निशाना
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 09:29 PM (IST)
नेशनल डेस्क : केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर प्रहार किया और उन पर पिछले 15 दिन से जानबूझकर संसद की कार्यवाही में व्यवधान डालने और देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि सरकार ने राहुल गांधी की मांग मानते हुए नीट प्रश्नपत्र लीक लीक के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने पर सहमति जताई है, लेकिन कांग्रेस नेता अपनी मांगें लगातार बदल रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ''राहुल गांधी जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे थे। जब गृह मंत्री उनकी मांग मान गए, तो कांग्रेस नेता ने अपना 'गोलपोस्ट' बदल लिया और राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी पर चर्चा की मांग करने लगे।'' नड्डा ने यहां पत्रकारों से कहा, ''वे चर्चा से क्यों भाग रहे हैं? मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं : राहुल गांधी, चर्चा से भागिए मत। हम तैयार हैं। हम सदन के अंदर हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। भागिए मत।''
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ''ऐसा लगता है कि उनका मकसद सदन को काम करने से रोकना है। वह नहीं चाहते कि सदन चले। इसीलिए वह पिछले 15 दिनों से कार्यवाही में व्यवधान डाल रहे हैं।'' नड्डा ने राहुल गांधी पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ''मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।'' उन्होंने कहा, ''मैं राहुल गांधी को सदन में आने की चुनौती देता हूं। हम चर्चा के लिए तैयार हैं। और मैं आपको बता दूं, आपको मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।''
नड्डा ने कांग्रेस नेता पर यह आरोप भी लगाया कि वह लोगों को गुमराह कर रहे हैं और बेबुनियाद दावे कर रहे हैं कि 20 जुलाई को संसद की ओर मार्च कर रहे छात्र प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा, ''गलत सूचना न फैलाएं। जंतर-मंतर पर न तो कोई गोली चलाई गई और न ही वहां गोली चलाने का कोई आदेश दिया गया।''
