सीने में जलन-खट्टी डकार को न करें इग्नोर, कैंसर होने का भी कारण हो सकता... इन लक्षणों को अनदेखा करना पड़ सकता है भारी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 12:19 PM (IST)

नई दिल्ली: आजकल के लाइफस्टाइल में खानपान में गड़बड़ी और बाहर के तले-भुने खाने के कारण एसिडिटी एक आम समस्या बन चुकी है। आमतौर पर लोग खाना खाने के बाद पेट या गले में जलन, बार-बार डकार आने या खट्टा पानी मुंह में आने को साधारण पाचन संबंधी दिक्कत मानकर अनदेखा कर देते हैं। कई लोग तुरंत आराम के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं खाने लगते हैं, लेकिन लंबे समय तक एंटासिड या दवाइयां लेना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है किएसिडिटी एक सामान्य समस्या है, लेकिन यदि यह समस्या लगातार बनी रहे तो यह किसी गंभीर बीमारी का शुरुआती लक्षण हो सकती है।

एसिडिटी के प्रमुख लक्षण
-सीने और गले में जलन महसूस होना
-मुंह में खट्टा या कड़वा पानी आना
-बार-बार खट्टी या तीखी डकारें आना
-पेट के ऊपरी हिस्से में भारीपन या जलन
-पेट फूलना और जी मिचलाना  
-बिना वजह लगातार खांसी होना या आवाज का भारी होना

क्या एसिडिटी से कैंसर हो सकता है?
एसिडिटी होने का सीधा मतलब कैंसर होना नहीं है, हालांकि, जब एसिड रिफ्लक्स लंबे समय तक बना रहता है, तो इसे गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (GERD) कहा जाता है। लगातार एसिड के संपर्क में आने से भोजन नली की अंदरूनी परत में सूजन आ जाती है। कुछ मामलों में, समय के साथ इन कोशिकाओं में बदलाव होने लगता है, जिसे बैरेट्स इसोफेगस कहा जाता है। यह स्थिति भोजन नली के कैंसर (एडेनोकार्सिनोमा) के जोखिम को बढ़ा सकती है। हालांकि, एसिडिटी के हर मरीज को कैंसर नहीं होता।

खट्टी डकार आने के मुख्य कारण
अत्यधिक भोजन करना, एक बार में बहुत ज्यादा खा लेने से पेट पर दबाव पड़ता है।
तला-भुना और मसालेदार खाना, वसायुक्त खाना पचने में ज्यादा समय लेता है और एसिड बढ़ाता है।
खाने के तुरंत बाद लेटना, भोजन के बाद तुरंत सोने या लेटने से एसिड आसानी से ऊपर नली में आ जाता है।
कैफीन और धूम्रपान, चाय, कॉफी और सिगरेट का अत्यधिक सेवन एसिड उत्पादन को बढ़ाता है।
मोटापा,पेट पर अतिरिक्त वजन से भोजन नली के वाल्व पर दबाव बढ़ता है।

पैंक्रियाटिककैंसर और एसिडिटी का संबंध
अग्नाशयपेट के पीछे स्थित होता है, जो पाचन एंजाइम और इंसुलिन बनाता है। पैंक्रियाटिक कैंसर की शुरुआती अवस्था में भी गैस, पेट फूलना और खट्टी डकार जैसे लक्षण दिखते हैं, जिन्हें लोग सामान्य एसिडिटी समझ लेते हैं।

किन लक्षणों पर तुरंत ध्यान देना जरूरी 
खाना निगलने में कठिनाई
: ऐसा महसूस होना कि खाना गले या छाती में अटक रहा है।
अचानक वजन कम होना: बिना किसी प्रयास या डाइटिंग के वजन का तेजी से घटना।
लगातार उल्टी या मतली: खाना खाते ही उल्टी होना या हमेशा जी मिचलाना।
पीलिया: आंखें या त्वचा पीली पड़ना।
ब्लड शुगर में अचानक बदलाव: बिना किसी स्पष्ट कारण के शुगर लेवल अनियंत्रित होना।
लगातार बना रहने वाला दर्द: पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द जो पीठ की तरफ जाता हो। 
अगर ये लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें और आवश्यक जांच (जैसे सीटी स्कैन या एंडोस्कोपी) करवाएं।

Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से लिखी गई है, किसी भी दवा या जांच के लिए हमेशा डॉक्टर या चिकित्सा विशेषज्ञ की परामर्श लें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News