पत्नी और 3 बेटियों की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रींगस से पकड़ा गया

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 09:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क : जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार हुए आरोपी राहुल झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद राहुल जयपुर से भागकर खाटूश्यामजी पहुंचा था। वहां दर्शन करने के बाद वह एक होटल में रुका, लेकिन पैसे खत्म होने पर उसने अपनी अंगूठी बेचकर खर्च के लिए पैसे जुटाने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, राहुल ने होटल संचालक से अंगूठी के बदले पैसे देने की बात कही, लेकिन उसने अंगूठी लेने से इनकार कर दिया। यहां तक कि अंगूठी के बदले 500 रुपये देने से भी होटल संचालक ने मना कर दिया। इसके बाद राहुल होटल छोड़कर रींगस चला गया।

इधर, जयपुर पुलिस और क्राइम स्पेशल टीम (CST) लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस को राहुल के रींगस में होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने राहुल की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

राहुल पर जयपुर के करधनी इलाके में अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह आर्थिक तंगी और कर्ज की वजह से परेशान था। परिवार में भी विवाद चल रहा था। इसी तनाव के बीच उसने कथित तौर पर पत्नी और बेटियों की हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। वहीं, स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश की निगरानी में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस राहुल से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान हत्याकांड की वजह और वारदात से जुड़े अन्य अहम तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News