औरंगजेब की तारीफ करने वाले अबू आजमी ने अब दी संभाजी महाराज को श्रद्धांजलि
punjabkesari.in Tuesday, Mar 11, 2025 - 04:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क. महाराष्ट्र के समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी ने हाल ही में संभाजी महाराज की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मराठी में ट्वीट करते हुए कहा, "स्वराज्य के दूसरे छत्रपति, पराक्रमी योद्धा, धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज को उनके बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।"
औरंगजेब के पक्ष में बयान के बाद मांगी थी माफी
इससे पहले अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ कर विवाद खड़ा किया था। उन्होंने औरंगजेब को 'क्रूर शासक' नहीं मानते हुए कहा था कि उस समय सत्ता संघर्ष राजनीतिक था, धार्मिक नहीं। उनका कहना था कि औरंगजेब की सेना में कई हिन्दू थे, जैसे कि छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना में कई मुस्लिम थे। इसके बाद बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने उनकी आलोचना करते हुए उन्हें संभाजी महाराज का अपमान करने का आरोप लगाया था।
अबू आजमी ने अपने बयान के बाद माफी भी मांगी थी और कहा था कि वे कभी भी छत्रपति शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज के खिलाफ बोलने का सोच भी नहीं सकते। उनके शब्दों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और उन्होंने जो कुछ कहा है। वह इतिहासकारों और लेखकों द्वारा कहा गया था।
अबू आजमी का यह नया बयान संभाजी महाराज को लेकर उनके पहले दिए गए औरंगजेब पर विवादित बयान के बाद आया है, जिसने महाराष्ट्र की राजनीति में हंगामा मचा दिया था।