ट्रेनें रद्द किए जाने पर दीपके का केंद्र पर निशाना, कहा- अगर सरकार युवाओं से डरी है तो पूरे देश को बंद कर दें
punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 02:25 PM (IST)
मुंबईः कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से एक दिन पहले, पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि अगर सरकार युवाओं से डरी हुई है तो उसे पूरे देश को बंद कर देना चाहिए।
दीपके का यह बयान 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द किए जाने के बीच आया है। कॉजपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया है।
रेलवे बोर्ड ने 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से अपराह्न दोपहर दो बजे के बीच नयी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को शुक्रवार को रद्द कर दिया। वहीं दिल्ली पुलिस ने भी दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने का आग्रह किया है, ताकि युवाओं को प्रदर्शन में शामिल होने से रोका जा सके।
यहां इस घटनाक्रम पर पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए सरकार की अनुमति की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि यह प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान है। दीपके ने कहा, ''अगर आप युवाओं से डरे हुए हैं तो पूरे देश को बंद कर दीजिए।'' दिल्ली पुलिस ने कॉजपा को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
