Lithium से Rare Earth तक... भारत ने 15 खनिज समझौतों पर किए हस्ताक्षर, ग्रीन एनर्जी को मिलेगी रफ्तार

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 04:23 PM (IST)

Critical Minerals Agreement : भारत ने जनवरी 2025 से अब तक महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े 15 समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करने के लिए जरूरी खनिजों की आपूर्ति सुनिश्चित करना और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना है। लिथियम, कोबाल्ट, निकल, ग्रेफाइट, तांबा और रेयर अर्थ जैसे खनिज इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी, विंड टर्बाइन, बिजली ग्रिड और सेमीकंडक्टर के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (IISD) के ट्रेड एंड क्लाइमेट ट्रैकर के विश्लेषण के मुताबिक, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 के बीच दुनिया भर में 211 व्यापार और आर्थिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों में महत्वपूर्ण खनिजों, ऊर्जा, जलवायु प्रशासन और भारी उद्योगों को कार्बन-मुक्त बनाने से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। इनमें से 139 समझौते महत्वपूर्ण कच्चे माल (CRMs) से संबंधित हैं।

तुर्की के अंताल्या में 9 नवंबर से शुरू होने वाले COP31 सम्मेलन से पहले जारी यह विश्लेषण बताता है कि जलवायु कार्रवाई को बढ़ावा देने में व्यापार की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि देश हरित बदलाव के लिए जरूरी संसाधनों की आपूर्ति सुनिश्चित करने पर तो ध्यान दे रहे हैं, लेकिन समझौतों में जलवायु संबंधी प्रतिबद्धताओं को शामिल करने के मामले में पीछे हैं। भारत के ये 15 समझौते दर्शाते हैं कि देश की स्वच्छ ऊर्जा संबंधी योजनाएं ऐसे खनिजों की उपलब्धता पर निर्भर हैं, जिनकी घरेलू स्तर पर कमी है या जो पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं।

2024-25 से 2030-31 तक चलने वाले सात वर्षीय मिशन के तहत सरकार ने 16,300 करोड़ रुपये के खर्च का प्रावधान किया है। इसके अलावा, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के माध्यम से 18,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश जुटाने का लक्ष्य है। मिशन के तहत जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के नेतृत्व में 1,200 घरेलू खोज परियोजनाएं शुरू करने की योजना है। वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र के जरिए 26 और निजी क्षेत्र के जरिए 24 विदेशी खनन संपत्तियां हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

हाल के समय में भारत ने जर्मनी और नॉर्वे सहित कई देशों के साथ महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, सप्लाई चेन में विविधता, अनुसंधान, प्रसंस्करण और रीसाइक्लिंग के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया है। इसका मकसद खनिजों के प्रसंस्करण और अधिक मूल्य वाले उत्पादों के निर्माण की क्षमता विकसित करना है, ताकि देश में मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार हो सके।

MoU के जरिए तेजी से बढ़ रही साझेदारी

IISD के विश्लेषण के मुताबिक, महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े 139 समझौतों में से 95 यानी 68 प्रतिशत पारंपरिक मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) के बजाय समझौता ज्ञापन (MoUs), सहयोग ढांचे और संयुक्त बयानों के रूप में किए गए हैं। इसके पीछे मुख्य वजह पारंपरिक व्यापार समझौतों की लंबी प्रक्रिया है। FTA पर बातचीत और उसे मंजूरी मिलने में कई साल लग सकते हैं, क्योंकि इसमें कृषि, विनिर्माण और वित्तीय सेवाओं सहित कई क्षेत्र शामिल होते हैं। इसके मुकाबले MoU पर कुछ ही महीनों में बातचीत पूरी की जा सकती है और इसमें चुनिंदा प्राथमिकताओं पर ध्यान दिया जाता है। हालांकि, MoU की बढ़ती लोकप्रियता के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही की चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे दस्तावेज आमतौर पर कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं होते। IISD के अनुसार, महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े 39 प्रतिशत समझौतों के दस्तावेज सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हैं। इससे यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सरकारों ने वास्तव में क्या प्रतिबद्धताएं की हैं और उन्हें किस तरह पूरा किया जा रहा है।

जलवायु प्रतिबद्धताओं और खनिज समझौतों में अंतर

रिपोर्ट में महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े समझौतों और जलवायु लक्ष्यों के बीच भी अंतर सामने आया है। मुख्य रूप से महत्वपूर्ण खनिजों पर केंद्रित 60 समझौतों में से केवल एक में ऊर्जा से जुड़े अतिरिक्त प्रावधान शामिल हैं। आठ समझौतों में भारी उद्योगों से संबंधित सहयोग की बात कही गई है, जबकि किसी भी समझौते में व्यापक जलवायु प्रशासन से जुड़े प्रावधान नहीं हैं। IISD के ट्रेड एंड क्लाइमेट ट्रैकर ने कुल 211 समझौतों की पहचान की है। इनमें 109 में ऊर्जा, 66 में जलवायु प्रशासन और 40 में भारी उद्योगों को कार्बन-मुक्त बनाने तथा संसाधनों के पुन: उपयोग से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।

IISD में व्यापार और सतत विकास की निदेशक ऐलिस टिपिंग के अनुसार, महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग केवल जलवायु लक्ष्यों से प्रेरित नहीं है। व्यापार समझौतों में संसाधनों तक पहुंच, ऊर्जा परिवर्तन, सुरक्षा और सप्लाई चेन में विविधता लाने पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, संसाधन पैदा करने वाले देश भी इनका इस्तेमाल अपने यहां अधिक आर्थिक मूल्य हासिल करने के लिए कर रहे हैं।

भारत के सामने क्या हैं चुनौतियां?
भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती ऊर्जा परिवर्तन के लिए जरूरी खनिजों और तकनीकों तक पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ कुछ चुनिंदा आपूर्तिकर्ता देशों पर निर्भरता कम करना है। इसके अलावा, यह भी सुनिश्चित करना होगा कि इन साझेदारियों से घरेलू विनिर्माण, रोजगार और तकनीकी क्षमताओं को बढ़ावा मिले।

IISD की रिपोर्ट के मुताबिक, महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े समझौतों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए तीन प्राथमिकताओं पर ध्यान देना जरूरी है। इनमें संसाधन उत्पादक देशों के लिए अधिक आर्थिक मूल्य तैयार करना, खनिज सहयोग को स्पष्ट जलवायु लक्ष्यों से जोड़ना और समझौतों के दस्तावेज सार्वजनिक करना शामिल है। रिपोर्ट में खनन और प्रसंस्करण से होने वाले उत्सर्जन को कम करने, नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और पर्यावरणीय मानकों में सुधार करने पर भी जोर दिया गया है। कुल मिलाकर, महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता आने वाले समय में स्वच्छ ऊर्जा और औद्योगिक विकास के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। भारत के 15 समझौते इसी दिशा में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय सहयोग और खनिज कूटनीति को दर्शाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News