जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- 'अबोध बालक' को इतिहास की जानकारी नहीं

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 06:30 AM (IST)

अहमदाबादः केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर संविधान और आंबेडकर विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के नेतृत्व वाली लगातार सरकारों ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया, प्रेस की स्वतंत्रता सीमित की और न्यायपालिका की स्वतंत्रता को कमजोर किया। नड्डा ने यहां 'संविधान गौरव दिवस' कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी को 'अबोध बालक' भी कहा।

कांग्रेस पार्टी संविधान और आंबेडकर विरोधीः नड्डा
नड्डा ने कहा, ''मैं आपको बताना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी संविधान और आंबेडकर विरोधी है... और संविधान को जीने वाली पार्टी भारतीय जनता पार्टी है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रवादी राजग है।'' लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा, ''इस अबोध बालक को इतिहास की जानकारी नहीं है। उसने इसे पढ़ा नहीं है। उसे केवल अपनी मम्मी और पापा के बारे में पता है।'' नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान सभा में आंबेडकर के प्रवेश का विरोध किया था। उन्होंने यह भी कहा कि 1952 के लोकसभा चुनाव में बंबई से कांग्रेस उम्मीदवार नारायण सदोबा काजरोलकर ने आंबेडकर को हराया था।

आंबेडकर की हार के लिए जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदारः नड्डा
नड्डा के अनुसार, आंबेडकर को एक लाख 23 हजार 576 वोट मिले थे, जबकि काजरोलकर को एक लाख 38 हजार 137 वोट मिले थे। उन्होंने कहा कि इस तरह आंबेडकर 14,561 मतों से चुनाव हार गए थे। उन्होंने दावा किया कि 74,333 मतपत्रों की जानबूझकर गिनती नहीं की गई थी। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा, ''अब बताइए, वोट चोर कौन है? और यह अबोध बालक इतिहास जाने बिना 'वोट चोर' चिल्लाता फिरता है।'' नड्डा ने 1952 में आंबेडकर की हार के लिए जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री ने 1954 के भंडारा उपचुनाव में भी आंबेडकर के खिलाफ प्रचार किया था।

नड्डा ने राजीव गांधी और सोनिया पर लगाए आरोप
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली में 26 अलीपुर रोड पर आंबेडकर का राष्ट्रीय स्मारक बनाने के प्रस्ताव का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि बाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में इसका उद्घाटन किया। आरक्षण के मुद्दे पर नड्डा ने दावा किया कि आंबेडकर धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन के आधार पर आरक्षण के पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि नेहरू ने पिछड़े वर्गों के आरक्षण पर काका कालेलकर आयोग की रिपोर्ट को दबा दिया था, जबकि इंदिरा गांधी ने मंडल आयोग की सिफारिशों को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। नड्डा ने कहा कि इन सिफारिशों को तभी लागू किया गया, जब भाजपा के समर्थन से वी पी सिंह की सरकार सत्ता में आई। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षण के विरोधी थे और उन्होंने ऐसे आरक्षण को 'मूर्खों' को बढ़ावा देने वाला बताया था।

शाह बानो मामले का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि राजीव गांधी सरकार ने राजनीतिक तुष्टीकरण के लिए कानून बनाकर तलाकशुदा मुस्लिम महिला को गुजारा भत्ता देने के उच्चतम न्यायालय के आदेश को पलट दिया था। नड्डा ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष पद पर सोनिया गांधी की नियुक्ति से प्रधानमंत्री कार्यालय के ऊपर एक और सत्ता केंद्र बन गया था। उन्होंने कहा, ''भारत की जनता ने आपको (सोनिया गांधी) सीधे प्रधानमंत्री बनने की अनुमति नहीं दी, इसलिए आपने पिछले दरवाजे से प्रवेश किया।'' नड्डा ने 2013 में संप्रग सरकार द्वारा लाए गए एक अध्यादेश को राहुल गांधी द्वारा फाड़े जाने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना संवैधानिक प्रक्रियाओं के प्रति उनकी उपेक्षा को दर्शाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News