''रिंकिया के पापा''...एमसीडी चुनाव में जीतने के बाद मनोज तिवारी के गाने पर जमकर झूमे आप कार्यकर्ता

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 05:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है। चुनाव नतीजे अपने पक्ष में आने के बाद आप पार्टी के नेता काफी खुश है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और ‘आप' के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ‘आप' की जीत पर दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया। एमसीडी चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद आप नेता और कार्यकर्ता नाच गाकर जश्न मना रहे हैं।  ऐसे ही जश्न का वीडियो आप यूपी कार्यालय से सामने आया है, जहां कार्यकर्ता भाजपा सांसद मनोज तिवारी के गाने रिंकिया के पापा...पर झूमकर डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। 

#दिल्लीएमसीडी चुनाव में बढ़त के बाद आप यूपी कार्यालय पर जश्न में डूबे कार्यकर्ता,भाजपा नेता मनोज तिवारी के गाने पर झूमते आप कार्यकर्ता,चट धीने मार दिहले खींचकर कर तमाचा गाने पर डांस करते कार्यकर्ता @SanjayAzadSln @AAPUttarPradesh @AamAadmiParty @ManojTiwariMP pic.twitter.com/PKAtbHExby

— Neelesh chauhan (@NeeleshChauha) December 7, 2022

केजरीवाल ने सभी दलों से मांगा सहयोग
केजरीवाल ने यहां पार्टी कार्यालय में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे और दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए सभी दलों से एक साथ आने का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा, “हमें दिल्ली की स्थिति में सुधार करना है और भाजपा, कांग्रेस के सहयोग तथा केंद्र और प्रधानमंत्री के आशीर्वाद की भी जरूरत है।” 

ये सिर्फ़ जीत नहीं बड़ी ज़िम्मेदारी है
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि उनकी “कट्टर ईमानदार” पार्टी ने “दुनिया की सबसे बड़ी और नकारात्मक पार्टी” को हरा दिया। उन्होंने ट्वीट किया, “दिल्ली एमसीडी में आम आदमी पार्टी पर भरोसा करने के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार…। दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे ‘नेगेटिव' पार्टी को हराकर दिल्ली की जनता ने कट्टर ईमानदार और काम करने वाले अरविंद केजरीवाल जी को जिताया है। हमारे लिए ये सिर्फ़ जीत नहीं बड़ी ज़िम्मेदारी है।” 

पंद्रह साल बाद जनता की जीत हुई- भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री एवं ‘आप' के नेता भगवंत मान ने इसे दिल्ली के आम लोगों की जीत बताते हुए कहा, “सभी को बधाई। चुनाव नेताओं ने लड़ा, लेकिन जीत जनता की हुई। पंद्रह साल बाद जनता की जीत हुई है। ‘आप' ने जनता का दिल जीत लिया।”

आप ने 134 सीटों पर जीत दर्ज की
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए 134 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 104 सीट व कांग्रेस ने 9 सीटों पर विजय हासिल की है। तीन निर्दलीय भी निर्वाचित हुए हैं। आप ने बुधवार को एमसीडी चुनाव में मिली जीत को जनता की जीत और बड़ी जिम्मेदारी बताया जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 100 से ज्यादा वार्ड में जीत दिलाने के लिए मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। एमसीडी चुनाव के अपेक्षा से अधिक करीबी मुकाबले में ‘आप' ने 134 सीटें जीतकर भाजपा के 15 साल के कार्यकाल पर विराम लगा दिया।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News