आप का भ्रष्टाचार एवं भाई-भतीजावाद ही दिल्ली में उसे सत्ता से बाहर का रास्ता करेंगे: भाजपा
punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2023 - 02:09 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में बनाये गये जीएनसीटीडी अधिनियम को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के तीखे हमले पर शुक्रवार को कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी सरकार के ‘‘भ्रष्टाचार, निष्क्रियता और भाई-भतीजावाद' ही 2025 में सत्ता से उसकी विदाई का मार्ग प्रशस्त करेंगे। केजरीवाल ने इससे पहले दिल्ली विधानसभा में दावा किया था कि भाजपा शहर की सातों लोकसभा सीट हार जायेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल को दिल्ली में उनकी सरकार और मोदी सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों की तुलना पर बहस के लिए विधानसभा का एक सत्र बुलाने की चुनौती दी। सचदेवा ने कहा, ‘‘ 2020 के चुनाव के बाद से दिल्ली के लोग सांप्रदायिकता, निष्क्रियता, भ्रष्टाचार एवं भाई-भतीजावाद के जरिए केजरीवाल का असली चेहरा देख चुके हैं और वे 2025 में उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देंगे।'' उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक केजरीवाल ‘पीड़ित होने का कार्ड खेलने और मुद्दों को भटकाने में चतुर हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ केजरीवाल को राजनीतिक फायदे के लिए पीड़ित होने का स्वांग रचने में महारत हासिल है। दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर देख लिया है कि जब भी उनकी सरकार में भ्रष्टाचार एवं भाई-भतीजावाद का मुद्दा चर्चा का विषय बन जाता है तो वह लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अपनी सरकार की शक्ति और अधिकारों का मुद्दा उठाने का प्रयास करते हैं।'' भाजपा नेता ने दिल्ली में मुख्यमंत्री के नवनिर्मित सरकारी आवास को ‘शीशमहल' बताया और आरोप लगाया कि सरकारी पैसे से इसे नया रूप दिया गया।