दिल्ली में पूर्व MLA वंदना कुमारी के पति पर केस दर्ज, MCD कर्मचारियों से मारपीट का आरोप
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 08:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक सार्वजनिक पार्क में कथित रूप से बिना अनुमति टेंट लगाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में आम आदमी पार्टी से जुड़े एक नेता के पति के खिलाफ नगर निगम (MCD) के कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
घटना 2 मार्च 2026 की बताई जा रही है। CA ब्लॉक स्थित पार्क में कथित रूप से बिना अनुमति टेंट लगाया जा रहा था। जब एमसीडी के हॉर्टिकल्चर विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और संबंधित अनुमति पत्र की मांग की, तो विवाद बढ़ गया। कर्मचारियों का आरोप है कि टेंट हटाने की कोशिश के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, गाली-गलौज की गई और गंभीर धमकियां दी गईं।
शिकायतकर्ता कर्मचारी ने शालीमार बाग थाने में लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
इस घटना के बाद स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। क्षेत्र की पार्षद ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सुरक्षा मिलनी चाहिए और किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले ने राजधानी में सार्वजनिक स्थलों पर कथित अवैध कब्जे और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।
