विधायकों की गिरफ्तारी से ‘आप’ परेशान, अब हाईकोर्ट का खटखटाएगी दरवाजा

punjabkesari.in Monday, Jul 25, 2016 - 07:36 PM (IST)

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी में लगातार बढ़ती परेशानियों और लगातार विधायकों की गिरफ्तारी को देखते हुए आप ने हाईकोर्ट जाने का मन बना लिया है। पार्टी जल्द ही गिरफ्तार होकर जमानत पर छूट चुके विधायकों की एक फाइल तैयार कर, हाईकोर्ट के सामने रखेगी। अप का कहना है कि वह हाईकोर्ट को बताएगी कि किस तरह उनके विधायकों के खिलाफ फर्जी केस बनाये जा रहे हैं।
 
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरन नेता दिलीप पांडे ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में अघोषित आपातकाल लगा दिया गया है। चुने हुए प्रतिनिधि को, आतंकवादी की तरह गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने उन मामलों को सामने रखा जिनमें विधायकों को कोर्ट से राहत मिल गई है। 
 
ये हैं आप नेता दिलीप पांडे के केंद्र पर आठ वार
1. 21 अगस्त 2015 को दिल्ली कैंट के विधायक कमांडो सुरेंद्र को अरेस्ट किया. आरोप था कि रेहड़ी पटरी वाले को रिश्वत बचाने से रोका, लेकिन एससी/एसटी एक्ट लगाकर गिरफ्तार किया। लेकिन कोर्ट ने मामले को राजनीति से प्रेरित बताकर जमानत दी।
 
2. मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती के पत्नी के आरोप में, कोर्ट ने कहा कलाई काटी लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में नहीं पाया गया, कुत्ते से कटवाने की बात भी फर्जी निकली।
 
3. मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी 26 नवंबर 2015 को गिरफ्तार हुए, 27 तारीख को रिहा हुए। पूरा केस फर्जी था।
 
4. संगम विहार से विधायक दिनेश मोहनिया को 25 जून 2016 को गिरफ्तार किया 26 को ही जमानत मिली। कोर्ट ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधि हैं और जमानत दे दी गई।
 
5. कोंडली से विधायक मनोज कुमार को 9 जुलाई को गिरफ्तार किया और 20 जुलाई को जमानत मिली। कोर्ट ने लिखा है कि केस से कोई संबंध नहीं पाया गया।
 
6. विकासपुरी से विधायक महेंद्र यादव 29 जनवरी को गिरफ्तार हुए और 30 को जमानत मिली। 3 साल की बच्ची के साथ रेप मामले में जनता के साथ आवाज उठा रहे थे।
 
7. देवली से विधायक प्रकाश जारवाल के ऊपर छेड़छाड़ का आरोप लगा। बाद में पता चला कि जिस दिन का जिक्र महिला कर रही थी, दरअसल घटना उसके एक दिन पहले 2 जून की थी।
 
8. पालम से विधायक भावना गौड़ के खिलाफ फर्जी डिग्री का मामला चलाया गया। एक एक डिग्री सही निकली, कोर्ट में जिन्होंने आरोप लगाया वो मुंह के बल गिरे।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News