'7 राज्यसभा सदस्यों के इस्तीफे के बाद 'AAP' पूरी से बिखर गई', BJP का तीखा हमला

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 06:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि राघव चड्ढा और संदीप पाठक सहित आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सदस्यों के इस्तीफा देने और भाजपा में शामिल होने की घोषणा के बाद आप ''पूरी तरह से बिखर गई'' है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भ्रष्ट आम आदमी पार्टी पर कोई भरोसा नहीं करता। यह पार्टी, जिसने खुद को एक अलग तरह की पार्टी होने का दावा करते हुए शुरुआत की थी, भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है।'' पार्टी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने 'एक्स' पर कहा, ''आम आदमी पार्टी पूरी तरह से बिखर गई है। इसका टूटना अब अटकलबाजी नहीं रही, बल्कि यह वास्तविक रूप से हो रहा है।'' चड्ढा और पाठक ने शुक्रवार को घोषणा की कि वे 'आप' के पांच अन्य सांसदों के साथ भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

चड्ढा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 'आप' के राज्यसभा के 10 में से 7 सदस्य भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''संविधान के अनुसार, किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसद दूसरी पार्टी में विलय कर सकते हैं। हमने इस संबंध में आज राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ एक पत्र सौंपा है।'' चड्ढा ने बताया कि भाजपा में शामिल हो रहे अन्य सांसद हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल और अशोक मित्तल हैं। पाठक और मित्तल संवाददाता सम्मेलन में उनके साथ मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News